द फॉलोअप डेस्क
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शुक्रवार से बढ़ोतरी कर दी गई है। लंबे समय से कयास लगाए जा रहे थे कि ईंधन की कीमतों में बदलाव हो सकता है और अब तेल कंपनियों ने पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। नई दरों के मुताबिक पेट्रोल की कीमत में करीब 3.14 रुपये और डीजल में 3.11 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। यह बदलाव लगभग चार साल बाद किया गया है।

महानगरों में बदले पेट्रोल-डीजल के नए रेट
नई कीमतों के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपये और डीजल 95.13 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल की नई कीमत 106.68 रुपये और डीजल 93.14 रुपये तय की गई है। चेन्नई में पेट्रोल 103.67 रुपये और डीजल 95.25 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। अलग-अलग राज्यों में वैट और स्थानीय टैक्स के कारण कीमतों में मामूली अंतर हो सकता है।

पश्चिम एशिया तनाव और महंगे क्रूड का असर
विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का असर भारतीय बाजार पर पड़ा है। हाल के हफ्तों में वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंची हैं, जिससे सरकारी तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। इसी के चलते खुदरा कीमतों में संशोधन किया गया। यह पहली बड़ी बढ़ोतरी है, क्योंकि अप्रैल 2022 के बाद पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ था।

सरकार ने कहा- ईंधन की कमी नहीं, सप्लाई सामान्य
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पूरी ने हाल ही में कहा कि वैश्विक संकट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बावजूद देश में ईंधन की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा कहीं भी सप्लाई प्रभावित होने की सूचना नहीं है। मंत्रालय के मुताबिक, बढ़ती मांग को देखते हुए ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।