द फॉलोअप डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना विदेश दौरा खत्म कर भारत लौट आए हैं। देश लौटते ही पीएम एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। उन्होंने आज मणिपुर की स्थिति पर गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की और वहां की स्थिति की जानकारी ली। बैठक चल रही है। इस बैठक में क्या निर्णय लिए गए इसका अभी पता नहीं लग पाया है। जानकारी हो कि अमित शाह ने शनिवार (24 जून) को दिल्ली में सर्वदलीय बैठक की थी। इसके साथ ही उन्होंने मणिपुर की स्थिति पर राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह से भी मुलाकात की थी।

देश में क्या चल रहा है, मोदी ने नड्डा से पूछा
जानकारी हो कि पीएम अमेरिका और इजिप्ट के दौरे पर गए थे। रविवार रात 12:30 बजे उनका प्लेन दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतरा। पीएम का काफिला एयरपोर्ट से बाहर निकला तो बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और दिल्ली के सभी सात भाजपा सांसदों ने उनका स्वागत किया। प्लेन से उतरते ही मोदी ने नड्डा से सवाल किया कि देश में क्या चल रहा है।

मणिपुर में क्यों भड़की हिंसा
गौरतलब है कि मेइती समुदाय की ओर से अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिये जाने की मांग के विरोध में 3 मई को पर्वतीय जिलों में 'आदिवासी एकजुटता मार्च' आयोजित किए जाने के बाद मणिपुर में हिंसक झड़पें हुईं हैं। हिंसा में अब तक करीब 120 लोगों की जान गई है और 3,000 से अधिक घायल हुए हैं। 4 मई से बंद स्कूलों की छुट्टियां 1 जुलाई तक बढ़ा दी गई हैं। इस बीच मणिपुर के 1,500 बच्चों ने मिजोरम के स्कूलों में एडमिशन ले लिया है। राज्य में इंटरनेट बैन को भी 25 जून तक बढ़ा दिया गया है, हालांकि मणिपुर HC ने राज्य सरकार को सीमित नेट सेवा प्रदान करने का निर्देश दिया है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N