द फॉलोअप डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम की 100वीं कड़ी 30 अप्रैल यानि आज प्रसारित होगी। मन की बात की 100 वीं कड़ी का संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय से सीधा प्रसारण किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र के भारत के स्थायी मिशन ने ट्वीट किया कि ऐतिहासिक क्षण के लिए तैयार हो जाइए। प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात कार्यक्रम की 100 वीं कड़ी संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के ट्रस्टीशिप काउंसिल चैंबर से 30 अप्रैल को सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसे लेकर झारखंड में भी खास तैयारी की गई है। झारखंड में कुल 9 हजार जगहों पर 10 लाख लोग पीएम के मन की बात कार्यक्रम को सुनेंगे।

अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ था
कुल 30 मिनट के इस कार्यक्रम की 100वीं कड़ी का प्रसारण 30 अप्रैल को भारतीय समयानुसार पूर्वाह्न 11 बजे होगा। जो न्यूयार्क में रविवार को देर रात डेढ़ बजे होगा। भारतीय मिशन ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व घटना होगी। भारत के स्थायी मिशन ने कहा कि 'मन की बात' एक मासिक राष्ट्रीय परंपरा बन गया है, जो लाखों लोगों को भारत की विकास यात्रा में भाग लेने के लिए प्रेरित करता है। गुयाना, पनामा, कोलंबिया और डोमिनिक गणराज्य की आधिकारिक यात्रा पर गए विदेश मंत्री एस जयशंकर के भी समुदाय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। 'मन की बात' कार्यक्रम तीन अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ था और यह हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित होता है।

झारखंड में भी खास तैयारी
प्रधानमंत्री के 100वें मन की बात एपिसोड के लिए झारखंड में भी काफी तैयारियां की गई है। प्रदेश भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 100वें संस्करण की पूर्व संध्या पर शनिवार को दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इसके तहत प्रदेश भाजपा कार्यालय के साथ-साथ जिला मुख्यालयों में भी दीप जलाया गया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम विश्व स्तर पर संवाद का सबसे बड़ा कार्यक्रम है। जो भारत जैसे लोकतांत्रिक देश के जन-जन को अपने प्रधानमंत्री से जोड़ता है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कुल 81 विधानसभा में 8100 स्थानों के अतिरिक्त 900 विशेष स्थान निर्धारित किए गए हैं। झारखंड में कुल 9000 स्थानों पर 10 लाख लोग पीएम के मन की बात सुनेंगे।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT