logo

उज्ज्वला लाभार्थियों को बड़ा झटका, रियायती LPG सिलेंडर का सालाना कोटा घटाकर 4 किया गया

ुोे.png

द फॉलोअप डेस्क

केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों को मिलने वाले रियायती एलपीजी सिलेंडरों की संख्या में बड़ी कटौती की है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव प्रवीण मल खनूजा ने जानकारी दी है कि अब उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को एक वर्ष में केवल 4 सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलेंडर मिलेंगे। सरकार का कहना है कि यह फैसला औसत घरेलू खपत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत मई 2016 में गरीब और वंचित परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। योजना के शुरुआती वर्षों में लाभार्थियों को सालाना 12 रियायती गैस सिलेंडर दिए जाते थे। बाद में यह संख्या घटाकर 9 कर दी गई थी। अब सरकार ने इसे और कम करते हुए 4 सिलेंडर प्रति वर्ष कर दिया है। इस फैसले से लाखों लाभार्थी परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

सीधे खाते में मिलती है सब्सिडी
उज्ज्वला योजना के तहत सरकार पात्र लाभार्थियों को एलपीजी सिलेंडर पर सब्सिडी भी देती है। मई 2022 में प्रति सिलेंडर 200 रुपये की सब्सिडी शुरू की गई थी, जिसे वर्ष 2023 में बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है। पेट्रोलियम मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 से अब तक सब्सिडी के रूप में 52 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। सरकारी तेल कंपनियों ने 7 जून को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की वृद्धि की थी। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 942 रुपये हो गई है। इससे पहले मार्च में भी 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। मौजूदा 300 रुपये की सब्सिडी के बाद लाभार्थियों को एक सिलेंडर के लिए लगभग 642 रुपये का भुगतान करना पड़ रहा है। पिछले तीन महीनों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कुल 89 रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को दिया जाता है। गैस कनेक्शन महिला के नाम पर जारी किया जाता है और परिवार में पहले से कोई एलपीजी कनेक्शन नहीं होना चाहिए। योजना के तहत लाभार्थी को घरेलू गैस सिलेंडर, रेगुलेटर, सेफ्टी होज पाइप, दो बर्नर वाला चूल्हा और उपयोग संबंधी पुस्तिका उपलब्ध कराई जाती है। योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक महिलाएं नजदीकी गैस एजेंसी में आवेदन कर सकती हैं या ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से भी आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाते का विवरण और केवाईसी दस्तावेज जमा करना आवश्यक होता है।

 

Tags - UjjwalaYojana LPG Subsidy GasCylinder GovernmentScheme