logo

वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की जीत के लिए मस्जिदों में मांगी गई दुआ, चलाया हस्ताक्षर अभियान 

team.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 

आज वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में टीम इंडिया का मुकाबला आस्ट्रेलिया के साथ होने जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम की जीत के लिए उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में मस्जिदों में खास दुआ मांगी गई। खबर है कि जुमे की नमाज के बाद कौशाम्बी जिले की सभी मस्जिदों में इंडिया टीम की जीत के लिए दुआ मांगी गई। इसमें नमाजियों के साथ मस्जिद के इमामों ने भी शिरकत की। यही नहीं, जुमे की नमाज के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाये गये। भारत की जीत के लिए नारे भी लगाये और कुछ मस्जिदों में टीम की हौसलाअफजाई के लिए परचे भी बांटे गये। इस दौरान कई मस्जिदों के बाहर तिरंगा लहराया गया। हालांकि इस दौरान स्थानीय प्रशासन भी चौकस रही। लगभग सभी मुख्य मस्जिदों के बाहर पुलिस की तैनाती भी देखी गई। 

6 विशेषज्ञ बल्लेबाजों और 5 गेंदबाजों के साथ खेलती आई है टीम इंडिया
बता दें कि आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जब टीम इंडिया, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड कप-2023 का फाइनल मुकाबला खेलने उतरेगी तो उसका इरादा 2003 वर्ल्ड कप फाइनल की हार का बदला चुकता करने का होगा। घरेलू कंडीशंस में खेल रही टीम इंडिया के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए फाइनल मुकाबले में इसे ही फेवरेट बताया जा रहा है। अब तक 6 विशेषज्ञ बल्लेबाजों और 5 गेंदबाजों के साथ खेलती आई टीम इंडिया फाइनल मुकाबले में उसी टीम संयोजन के साथ उतरेगी या बदलाव होगा फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। दरअसल, फाइनल मैच की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस वार्ता में कप्तान रोहित शर्मा ने स्पष्ट किया कि अभी प्लेइंग-11 तय नहीं है। 

रोहित-विराट और श्रेयस अय्यर प्रचंड फॉर्म में हैं
बता दें कि इस टूर्नामेंट में विराट कोहली 700 से ज्यादा रन बनाकर टॉप स्कोरर हैं। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमान गिल ने प्रत्येक मैच में औसतन 80 रनों की साझेदारी पहले विकेट के लिए की है। श्रेयस अय्यर पिछले 3 मुकाबलों से प्रचंड फॉर्म में हैं। केएल राहुल ने भी उपयोगी पारियां खेली हैं। मो. शमी, मो. सिराज और जसप्रीत बुमराह इस समय सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजी यूनिट हैं तो वहीं रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने बीच के ओवरों में कप्तान को विकेट निकालकर दिया है।