देहरादून:
पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। बतौर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का ये दूसरा कार्यकाल होगा। पुष्कर सिंह धामी लगातार दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री चुने गए हैं। दिलचस्प बात ये है कि हालिया संपन्न उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में पुष्कर सिंह धामी को खटीमा विधानसभा सीट से हार का सामना करना पड़ा था।

खटीमा से हार गये थे धामी
खटीमा सीट से हारने के बाद पुष्कर सिंह धामी को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे थे। अधिकांश लोगों को लग रहा था कि अपनी सीट नहीं बचा पाने की वजह से पुष्कर सिंह धामी को सीएम पद से भी हाथ धोना पड़ेगा। हालांकि, उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों से बीजेपी कार्यकर्ता लगातार पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाये जाने की मांग कर रहे थे।

इन्होंने की शिरकत
पुष्कर सिंह धामी के शपथ ग्रहण समारोह में कई केंद्रीय मंत्रियों, बीजेपी नेताओं और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में यूपी के मनोनीत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, गोवा के मनोनीत सीएम प्रमोद सावंत और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी मौजूद थीं।