logo

दिल्ली : हिरासत में लिए गये प्रियंका और राहुल गांधी, महंगाई और बेरोजगारी पर कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन जारी

a717.jpg

दिल्ली: 

महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन जारी है। दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय के बाहर धरना दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देश के अलग-अलग राज्यों में भी कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहीं प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ऐसे ही एक प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने वायनाड से सांसद राहुल गांधी को पार्टी के कुछ अन्य नेताओं के साथ हिरासत में लिया और पुलिस स्टेशन ले गई। 

 

युवाओं का भविष्य खराब कर रही सरकार!
केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गये कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार देश के युवाओं का भविष्य खराब कर रही है। हम शांतिपूर्ण विरोध करना चाहते हैं लेकिन आप लोगों ने देखा कि कैसे सांसदों को हिरासत में लिया जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा था कि सरकार तानाशाही पर उतर आई है। महंगाई चरम पर है।

देश में ऐतिहासिक बेरोजगारी है। सरकार इसे नियंत्रित करने में नाकामयाब रही है। रोज रुपये की वैल्यू गिर रही है। सदन में विपक्ष को सवाल पूछने नहीं दिया जाता। जनमुद्दों पर चर्चा नहीं की जाती। जो भी आवाज उठाता है उसे ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर चुप कराने की कोशिश होती है। सड़क पर प्रदर्शन करने पर हिरासत में ले लिया जाता है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की कार्यशैली की तुलना हिटलर के नाजी शासन से कर डाली। 

कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन जारी है
पंजाब में भी कांग्रेस पार्टी में महंगाई और बेरोजगारी को लेकर देशव्यापी प्रदर्शन किया। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा कि महंगाई बढ़ रही है। टैक्स थोपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम आशंकित हैं कि देश श्रीलंका संकट की ओर बढ़ रहा है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम सरकार को नींद से जगाने के लिए धरना दे रहे हैं। 

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने क्या कहा
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने बीजेपी द्वारा लगाए गये आरोपों पर कि कांग्रेस के नेता एक परिवार के बचाने के लिए सड़क पर उतर आये हैं, कहा कि मैं परिवार को बचाने क्यों आऊंगा। मैं अपने नेता को बचाने आऊंगा। मेरे नेता ने मुझे बचाया है। उन्होंने कहा कि मुझे कोई समस्या नहीं है अगर वे इसे परिवार के रूप में परिभाषित करते हैं।