द फॉलोअप डेस्क
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में अब महज कुछ घंटे का समय बाकी है। आज का दिन इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। पूरा देश आज राममय हो गया है। हर कोई रामभक्ति में लीन है क्योंकि आज अयोध्या के नए मंदिर में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। इस भव्य दिन के साक्षी बनने के लिए 7 हजार वीवीआईपी को न्योता दिया है। ट्रस्ट ने जानकारी दी है कि गर्भगृह में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद होने वाली आरती के समय सभी अतिथियों के हाथ में घंटी रहेगी, जो आरती के समय सभी बजाएंगे । इसके साथ ही आरती के समय सेना के हेलीकॉप्टर अयोध्या में पुष्प वर्षा करेंगे।

देश-विदेश से कई अतिथि पहुंचे अयोध्या
इस भव्य दिन का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से कई अतिथि पहुंच चुके हैं। इनमें संघ प्रमुख मोहन भागवत, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, मुकेश-नीता अंबानी, गौतम अडाणी, अमिताभ बच्चन, रजनीकांत शामिल हैं। पीएम नरेंद्र मोदी सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर अयोध्या पहुंचेंगे। उधर, लालकृष्ण आडवाणी अयोध्या नहीं जा रहे हैं। आरती के समय सभी अतिथि घंटी बजाएंगे। सेना के हेलिकॉप्टर अयोध्या में पुष्प वर्षा केरेंगे।

84 सेकेंड का होगा शुभ मुहूर्त
काशी के ज्योतिषाचार्य पंडित गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ ने बताया है कि प्राण प्रतिष्ठा के लिए 84 सेकेंड का शुभ मुहूर्त निकाला गया है। ये एक अत्यंत ही दुर्लभ योग है। ऐसा मुहूर्त सालों में एकाध बार ही मिलता है। इसमें सबसे अधिक खास बात ये है कि इस दिन नियत समय पर 9 में से 6 ग्रह एक रेखा पर विराजमान होंगे। इस दौरान गुरु ग्रह की सीधी नजर पांचवें, सातवें और नौवें स्थान पर होगी। इस लिहाज से 22 जनवरी का दोपहर का समय सबसे अधिक शुभ माना गया है। दोपहर 12 बजकर 29 मिनट और 08 सेकंड से 12 बजकर 30 मिनट और 32 सेकंड तक का रहेगा।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\