logo

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा : प्रभु राम की मूर्ति गर्भगृह के आसन पर स्थापित हुई, इतना समय लगा

RAM_MANDIR6.jpeg

द फॉलोअप डेस्क   

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा (Ram Mandir Pran Pratistha) के पहले आज प्रभु राम की मूर्ति गर्भगृह के आसन पर विभिन्न अनुष्ठानों के बीच स्थापित कर दी गयी। मिली खबर के मुताबिक इसमें 4 घंटे का समय लगा। गौरतलब है कि 22 जनवरी को राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के हाथों होनी है। राम मंदिर ट्रस्ट के अधिकारियों ने बताया कि प्रभु राम की प्रतिमा को आसन पर आज गुरुवार को शाम लगभग पांच बजे स्थापित किया गया। इसके लिए दोपहर एक बजे के लगभग अनुष्ठान शुरू कर दिये गये थे। गौरतलब है कि 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा से पहले सात तक चलने वाले अनुष्ठान की शुरुआत कर दी गयी है।  

150 विद्वान और पुरोहित ले रहे अनुष्ठान में हिस्सा 
राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर वैदिक पूजारी सुनील लक्ष्मीकांत ने बताया कि 16 जनवरी से लेकर प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान तक यानी 22 जनवरी तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों को पूरा करने के लिए लगभग 150 विद्वान और पुरोहित योगदान दे रहे हैं। कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के लिए एक विशेष प्रार्थना 16 जनवरी से शुरू कर दी गयी है औऱ इसका समापन 22 जनवरी के दिन होगा। कहा कि यजमान की शुद्धि और अधिकार प्राप्ति के लिए अलग से पूजा की जा रही है। इसके तहत प्रायश्चित प्रार्थना भी की जायेगी। इन विधानों के पूरा हो जाने के बाद विष्णु पूजा और गोदान कार्यक्रम होंगे। 


ये है प्राण प्रतिष्ठा का पूरा कार्यक्रम   
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राम की प्रतिमा को 18 जनवरी को मंदिर के गर्भगृह में रख दिया गया। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के सभी अनुष्ठान पूरे किये जायेंगे। इसके बाद आमजन को रामलला के दर्शन के लिए मंदिर में एंट्री मिलना शुरू हो जायेगा। ये जानकारी श्रीराम रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के पदाधिकारी चंपक राय ने दी है। राय ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा की सारी तैयारी पूरी की जा चुकी है बस समय का इंतेजार है। कहा कि पूजन कार्य के सभी अनुष्ठान 21 जनवरी तक पूरे कर लिये जायेंगे।