रांची
रांची की योग विशेषज्ञा डॉ अर्चना कुमारी को अंतरराष्ट्रीय योगिनी अवार्ड (International Yogini Award) मिला है। अर्चना को ये अवार्ड उत्तराखंड में एक भव्य कार्यक्रम में दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन परमार्थ निकेतन ऋषिकेश, उत्तराखंड और एडु गर्ल लाइफ के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। दोनों संगठनों का ये तीसरा आयोजन था। अर्चना को कैवल्यधाम, लोनावला के सीईओ और भारतीय योग संघ के सचिव डॉ. सुबोध तिवारी के हाथों सम्मानित किया गया। वो झारखंड की एकमात्र ऐसी उम्मीदवार थी, जिन्हें इस अवार्ड से नवाजा गया है। इस अवसर पर परमार्थ निकेतन के संस्थापक स्वामी चिदानंद सरस्वती, पूज्य साध्वी भगवती, एडु गर्ल लाइफ के संस्थापक के अलावा उत्तराखंड के कई माननीय मंत्री एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। बता दें कि योगिनी अवार्ड योग के क्षेत्र में महिलाओं को मिलने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है।

कौन हैं अर्चना
गौरतलब है कि डॉ अर्चना कुमारी रांची के अरगोड़ा निवासी ललन प्रसाद की सुपुत्री है। डॉ अर्चना कुमारी ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार, उत्तराखंड से योग विज्ञान में मास्टर्स एवं पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। वे वर्तमान में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आयुष निदेशालय में कार्यरत हैं। राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग प्रतियोगिताओं में उन्हें स्वर्ण पदक के अलावा कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। योग पर आधारित उनकी तीन पुस्तकों का प्रकाशन हो चुका है।

दो दशक से योग के क्षेत्र में सक्रिय हैं
डॉ अर्चना कुमारी लगभग 20 वर्षों से योग के क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं। शोध के अतिरिक्त योग के प्रचार प्रसार के साथ शहरी, ग्रामीण क्षेत्रों एवं सरकारी योजनाओं में योग को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही हैं। डॉ अर्चना कुमारी को योगिनी अवार्ड मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी के अलावा चंचल भट्टाचार्य, जगदीश सिंह जग्गू, डॉक्टर राजेश गुप्ता और शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई दी। उनके अच्छे भविष्य की कामना की।
