logo

NDA गठबंधन में शामिल हुआ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक दल; जयंत चौधरी ने विधायकों की नाराजगी पर क्या कहा 

JAYANT1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक दल (RLD) के मुखिया जयंत चौधरी (Jayant Chaudhary) ने अंतत: एनडीए (NDA) गठबंधन में शामिल होने की घोषणा कर दी है। बता दें कि जयंत चौधरी के दादा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने के बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि वे एनडीए गठबंधन में शामिल हो सकते हैं। आज इन अटकलों पर विराम लगाते हुए चौधरी ने गठबंधन में शामिल होने की घोषणा कर दी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रालोद के एनडीए में शामिल होने से इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लग सकता है। दूसरी ओऱ जयंत चौधरी ने कहा कि उन्होंने ये निर्णय अपने विधायकों से विचार विमर्श के बाद लिया है। कहा कि सभी की सहमति के बाद ये फैसला लिया गया है। 

‘चवन्नी नहीं हूं कि पलट जाऊं’ 

दूसरी ओर, BJP से नजदीकियों के बीच चर्चा में आये रालोद (RLD) सुप्रीमो जयंत चौधरी (Jayant Chaudhary) के एक बयान ने फिर से सियासी बहस छेड़ दी है। दरअसल, 2022 में उन्होंने BJP से गठबंधन के सवाल पर कहा था, ‘चवन्नी नहीं हूं कि पलट जाऊं’। तब जयंत चौधरी BJP से दूरी बनाकर राजनीति करने के फैसले पर अटल थे। इस बयान को आधार बनाकर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने उनपर कटाक्ष किया है। जयंत से इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ये सब बेकार की बातें हैं। मैं ये सब सहन करने के लिए तैयार हूं। सियासत में इस तरह के बयान दिये जाते रहे हैं। लेकिन बयानों से उपर जनहित है। मैं इसी का ख्याल रखूंगा। चौधरी ने आगे कहा, जनता वैसे भी इस तरह की बातों को याद नहीं रखती है। 


बीजेपी ने किये एक तीर से दो निशाने  
बता दें कि जयंत चौधरी के दादा को भारत रत्न (Bharat Ratna) मिलने के बाद उन्होंने NDA गठबंधन में शामिल होने की घोषणा की है। जानकारों का मानना है कि यूपी में इस तरह से BJP ने एक तीर से दो निशाने साधे हैं। दरअसल जयंत चौधरी पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह के पोते और अजित सिंह के पुत्र हैं। चौधरी चरण सिंह को नरसिम्हा राव और डॉ एमएस स्वामीनाथन के साथ भारत रत्न देने की घोषणा हुई है। इसके बाद जयंत सिंह ने घोषणा की है कि आगामी लोकसभा चुनाव वो NDA गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेंगे। बता दें कि RLD का यूपी में मजबूत जनाधार है और ये प्रदेश की राजनीति में हस्तक्षेप करने की हैसियत रखता है।