logo

राजस्थान : भिवाड़ी केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, आग की चेपट में आकर 7 मजदूरों की मौत; कई के फंसे होने की आशंका

fire_blast.jpg

भिवाड़ी/राजस्थान
राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी शहर में सोमवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा कर दिया। आग में कम से कम सात मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य कर्मचारियों के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना भिवाड़ी के खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया की बताई जा रही है। हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर 20 से अधिक श्रमिक मौजूद थे। आग लगते ही कुछ मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई लोग अंदर ही फंस गए।


पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण ने सात लोगों की मौत की पुष्टि की है और बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अतिरिक्त जिलाधिकारी सुमिता मिश्रा के अनुसार नियमित गश्त के दौरान पुलिस टीम ने फैक्ट्री से धुआं उठते देखा, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रशासन के मुताबिक, शुरुआत में नौ लोग फैक्ट्री के भीतर फंसे हुए थे, जिनमें से अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं। दो अन्य के फंसे होने की आशंका पर सर्च ऑपरेशन जारी है।


फायर विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और तेजी से आग पर काबू पाने की कोशिश की। आसपास की अन्य यूनिट्स को भी आग की चपेट में आने से बचाया गया। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, हालांकि शुरुआती आशंका है कि आग फैक्ट्री के अंदर से ही भड़की।
हादसे के बाद इंडस्ट्रियल एरिया में कामकाज प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने फैक्ट्री परिसर और आसपास की इकाइयों में सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्रों में फायर सेफ्टी प्रोटोकॉल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tags - Rajasthan News Today Industrial Area Blaze Worker Death Toll Police Investigation Fire Safety Protocol