logo

कथाकार संजीव व नीलम को साहित्य अकादमी सम्मान, 24 भाषाओं के इन रचनाकारों का भी हुआ चयन 

acadmy.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

कथाकार संजीव को साहित्य अकादमी-2023 का पुरस्कार दिया जायेगा। संजीव को यह सम्मान उनके उपन्यास ‘मुझे पहचानो’ के लिए दिया जा रहा है। वहीं, अंग्रेजी साहित्य के लिए अकादमी के पुरस्कार के लिए नीलम शरण गौर का चयन किया गया है। नीलम को ये सम्मान उनके उपन्यास ‘रेक्युम इन रागा जानकी’ के लिए दिया जायेगा। उर्दू के लिए सादिका नवाब सहर के उपन्यास ‘राजदेव की अमराई’ को चुना गया है।  इसी के साथ देश की मान्यता प्राप्त 24 भाषाओं के रचानाकारों को भी साहित्य अकादमी का पुरस्कार देने की घोषणा की गयी है। पुरस्कार के लिए उन किताबों का चयन किया गया है, जिनका प्रकाशन 5 वर्षों के दौरान किया गया है। पुरस्कार के लिए पुस्तकों का चयन तीन सदस्यीय मंडल ने किया है।

अकादमी के 70 साल पूरे हो रहे हैं

साहित्य अकादमी सम्मान समारोह का आयोजन दिल्ली में 12 मार्च 2024 को होगा। बता दें कि इसी दिन साहित्य अकादमी के गठन के 70 साल पूरे हो रहे हैं। इस बाबत अकादमी के सचिव डॉ के श्रीनिवास राव ने बताया कि इस साल देश की सभी 24 भाषाओं से रचनाकारों को अकादमी सम्मान के लिए चुना गया है। बताया कि इस बार नौ कविता संग्रह, छह उपन्यास, पांच कहानी संग्रह, आलोचना की एक पुस्तक और तीन निबंध किताबों का चयन किया है।   

कविता के लिए इनको मिलेगा सम्मान 
विजय वर्मा (डोगरी), विनोद जोशी (गुजराती), मंशूर बनिहाली (कश्मीरी), सोरोख्खैबम गंभिनी (मणिपुरी), आशुतोष परिडा (ओड़िया), स्वर्णजीत सवी (पंजाबी), गजेसिंह राजपुरोहित (राजस्थानी), अरुण रंजन मिश्र (संस्कृत), विनोद आसुदानी (सिंधी)। उपन्यास के लिए पुरस्कृत लेखक स्वपनमय चक्रबर्ती (बाङ्ला), कृष्णात खोत (मराठी), राजशेखरन (देवीभारती)। कहानी संग्रह के लिए इनको मिलेगा सम्मान - प्रणव ज्योति डेका (असमिया), नंदेश्वर दैमारि (बोडो), प्रकाश एस पर्येंकार (कोंकणी), तारासीन बासकी (तुरिया चंद बासकी) (संताली), टी पतंजलि शास्त्री (तेलुगु)।