मुबंई:
शिवसेना सासंद संजय राउत (Shiv Sena MP Sanjay Raut) को ED ने हिरासत में ले लिया है। ED ने मुंबई में भूमि घोटाला मामले में रविवार को शिवसेना नेता संजय राउत के आवास पर कई घंटों की छापेमारी की जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। इससे पहले वे 1 जुलाई को मुंबई में एजेंसी के समक्ष पेश हुए थे। इसके बाद एजेंसी ने उन्हें 2 बार तलब किया था, लेकिन मौजूद संसद सत्र में व्यस्त रहने का हवाला देते हुए पेश नहीं हुए।

सुबह 7 बजे राउत के घर पहुंची ईडी
बताया जा रहा है कि ईडी के अधिकारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कर्मियों के साथ रविवार सुबह 7 बजे संजय राउत के भांडुप उपनगर स्थित आवास ‘मैत्री’ पहुंचे और छापेमारी शुरू की। इस बीच, राज्यसभा सदस्य राउत ने कुछ भी गलत करने से इनकार किया है और आरोप लगाया है कि उन्हें राजनीतिक प्रतिशोध लेने के लिए निशाना बनाया जा रहा है।
संजय राउत ने किया ट्वीट
संजय राउत ने ईडी की कार्रवाई के कुछ ही देर बाद ट्वीट किया, ‘मैं दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की सौगंध खाता हूं कि मेरा किसी घोटाले से कोई संबंध नहीं है।’ उन्होंने लिखा, ‘मैं मर जाऊंगा, लेकिन शिवसेना का साथ नहीं छोडूंगा।’ ईडी की छापेमारी के दौरान राउत के आवास के बाहर बड़ी संख्या में शिवसेना के समर्थक एकत्र हो गये और एजेंसी की कार्रवाई का विरोध किया। समर्थकों ने हाथों में भगवा रंग के झंडे और बैनर लेकर एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी की।

शिंदे ने दिया राउत के ट्वीट का जवाब
संजय राउत ने ट्वीट कर कहा कि ईडी के डर से शरण में नहीं आऊंगा, शिवसेना नहीं छोडूंगा। इस पर शिंदे ने कहा, 'उन्हें बुलाया किसने है ? हम तो नहीं बुला रहे और ना बीजेपी । मैं साफ कह देता हूं अगर कोई ED के डर से हमारे साथ जुड़ने की बात कह रहा है तो मेरी विनती है मत आओ हमारे साथ। हम दबाव डाल किसी को नहीं बुला रहे। हमारे साथ जो लोग जुड़े उन पर कोई दबाव नहीं।