द फॉलोअप डेस्क
AAP के सीनियर लीडर अशोक तंवर ने BJP का दामन थाम लिया। इससे हरियाणा (Haryana) में आप को बड़ा झटका लगा है। हरियाणा के सियासी गलियारों में चर्चा है कि तंवर के BJP में आने से राज्य में पार्टी बैकफुट पर आ गयी है। बता दें कि आप के हरियाणा चुनाव समिति के अध्यक्ष अशोक तंवर ने दो दिन पहले 18 जनवरी को पार्टी से इस्तीफा दिया था। इसी समय से चर्चा हो रही थी वे BJP में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले तंवर हिसार से एमपी और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। पार्टी की संगाठनिक कार्यों में उनको दक्षता हासिल है। शनिवार को उन्होंने राज्य के CM मनोहर लाल खट्टर और अनिल बलूनी की उपस्थिति में BJP की सदस्यता ग्रहण की।

क्या कहा CM मनोहर लाल खट्टर ने
CM मनोहर लाल खट्टर ने पार्टी की सदस्यता लेने वाले अशोक तंवर और उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए कहा कि तंवर के अनुभवों का लाभ आने वाले लोकसभा चुनाव में हरियाण BJP को मिलेगा। कहा कि तंवर रिश्ते में मेरे भतीजे लगते हैं। उन्होंने कहा कि जब वे कांग्रेस में थे तब उनपर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ही हमला कर दिया था। इसपर उन्होंने दुख भी जताया था। इसके बाद तंवर ने कांग्रेस छोड़ दिया और गलती से आप पार्टी में शामिल हो गये। अब उन्होंने भूल सुधार करते हुए BJP की सदस्यता हासिल की है। पार्टी में उनको वो सम्मान और स्थान मिलेगा, जिसके वे हकदार हैं।

तंवर ने मोदी में जताया विश्वास
वहीं, BJP की सदस्यता लेने के बाद अशोक तंवर ने कहा कि देश के पीएम जिस दूरदर्शिता और दृष्टि के साथ देश को विकास के रास्ते पर आगे ले जा रहे हैं, वे उनके कायल हैं। कहा, आज देश को पीएम मोदी के जैसे नेता और BJP के जैसी अनुशासित पार्टी की जरूरत है। जहां तक हो सकेगा, वे पीएम मोदी और CM मनोहरलाल खट्टर के साथ राष्ट्र और हरियाणा राज्य के नव निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देंगे। बता दें कि अशोक तंवर आप के प्राथमिक सदस्यों में से एक थे।
