द फॉलोअप डेस्क
महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। खबर आ रही है कि पार्टी के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री शिवराज पाटिल की बहू अर्चना पाटिल बीजेपी में शामिल हो गयी हैं। महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने उनको एक समारोह में बीजेपी की सदस्यता दिलाई। सदस्यता ग्रहण करने के बाद अर्चना ने कहा कि आज से पहले वे राजनीतिक जीवन में नहीं थीं। उन्होंने अभी तक एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में ही लोगों के बीच काम किया है। बीजेपी उनकी पहली सियासी पार्टी होगी। इसलिए ये नहीं कहा जाना चाहिए कि उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी की सदस्यता ली है।

कांग्रेस के कई दिग्गज हो चुके हैं बीजेपी में शामिल
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता पिछले दिनों बीजेपी खेमे में शामिल हुए हैं। इन नेताओं में अशोक चव्हाण, मिलिंद देवड़ा और बाबा सिद्दिकी जैसे कांग्रेस के सीनियर नेताओं के नाम शामिल हैं। अशोक चव्हाण अधिकारिक रूप से बीजेपी में शामिल हो चुके हैं, जबकि मिलिंद देवड़ा एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। वहीं, बाबा सिद्दिकी ने अजित गुट के नेतृत्व वाली NCP की सदस्यता ले ली है।

सियासी गलियारे में लगाये जा रहे ये कयास
शिवराज पाटिल देशभर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के रूप में जाने जाते हैं। इसके अलावा वे महाराष्ट्र के लातूर लोकसभा सीट से सात बार सांसद चुने जा चुके हैं। साथ ही वे महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही वह दसवीं लोकसभा के अध्यक्ष और देश के गृह मंत्री और रक्षा मंत्री भी रह चुके हैं। सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा है कि उनकी बहू के बीजेपी में जाने से महाराष्ट्र में कांग्रेस को नुकसान हो सकता है।

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -