logo

Punjab Election Result : आप की आंधी में उड़े कई दिग्गज! सिद्धू, चन्नी, कैप्टन और सुखबीर बादल को झेलनी पड़ी करारी हार

JDKJFKJEORER.JPG

डेस्क: 

पंजाब में आम आदमी पार्टी की ऐसी आंधी चली कि तमाम दिग्गज उखड़ गये। पंजाब की जीत की जितनी चर्चा है, उससे भी बड़ी चर्चा दिग्गजों की हार पर भी है। आप की आंधी में ना तो मौजूदा मुख्यमंत्री नवजोत सिंह चन्नी बचे ना ही पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह। मुख्यमंत्री बनने की महात्वाकांक्षा पाले बैठे नवजोत सिंह सिद्धू को भी करारी हार का सामना करना पड़ा। 

कैप्टन अमरिंदर सिंह भी चुनाव हारे
बता दें कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के संस्थापक कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनाव हार गये। कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में थे। कैप्टन को यहां 19 हजार 873 वोटों से हार झेलनी पड़ी। हार के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि मैं पूरी विनम्रता के साथ लोगों के फैसले को स्वीकार करता हूं। पंजाबियों ने सांप्रदायिक और जातिगत रेखाओं से ऊपर उठकर मतदान किया। मतदाताओं ने पंजाबियत की सच्ची भावना दिखाई है। जनादेश स्वीकार है। 

चरणजीत सिंह चन्नी दोनों सीट हार गये
पंजाब के मौजूदा मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को भी शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। चन्नी राज्य में 2 विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे थे। चरणजीत सिंह चन्नी भदौड़ और चमकौर साहिब सीट से चुनावी मैदान में थे। दोनों ही सीटों पर चन्नी को आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार ने हराया। दिलचस्प है कि चुनावी अभियान के दौरान आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक निजी समाचार चैनल को लिखकर दिया था कि चरणजीत सिंह चन्नी दोनों सीटों से चुनाव हार जायेंगे। 

नवजोत सिंह सिद्धू को झेलनी पड़ी करारी हार
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को भी हार का सामना करना पड़ा है। सिद्धू अमृतसर (पूर्वी) सीट से चुनावी मैदान में थे। नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया है। अपने ऑफिशियल ट्विटर पर नवजोत सिंह सिद्धू ने लिखा कि जनता की आवाज ईश्वर की आवाज है। पंजाब की जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करें। आप को बधाई।

बता दें कि चुनाव से पहले और इसके दौरान भी पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच तल्खी रही। सिद्धू मुख्यमंत्री बनना चाहते थे लेकिन शीर्ष आलाकमान ने दलित चेहरे चन्नी पर भरोसा जताया। सिद्धू की बेटी ने खुलकर चन्नी के खिलाफ बयानबाजी की। 

सुखबीर सिंह बादल भी हार गये चुनाव
अकाली दल को भी नुकसान उठाना पड़ा। अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुखबीर सिंह बादल को भी करारी हार का सामना करना पड़ा है। कुल मिलाकर, आम आदमी पार्टी ने तमाम दूसरी पार्टियों को कड़ी शिकस्त दी है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब में पार्टी के सीएम उम्मीदवार भगवंत सिंह मान ने कहा कि जनता ने उनकी सकारात्मक राजनीति को चुना।