logo

Punjab Election Result : पंजाब में हार के बाद बोले सिद्दू- जनता की आवाज ईश्वर की आवाज है...जनादेश विनम्रता से स्वीकार है

sidhu7.jpg

लुधियाना: 

पंजाब में आम आदमी पार्टी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। अब तक मिल रहे रुझानों के मुताबिक पंजाब में केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने 90 सीटों पर बढ़त बना रखी है। मौजूदा सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस फिलहाल 18 सीटों पर आगे है। तय हो गया है कि पंजाब में आप की सरकार बनने जा रही है। इस बीच पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का बयान सामने आया है। 

सिद्धू ने आप को बधाई दी
नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया है। अपने ऑफिशियल ट्विटर पर नवजोत सिंह सिद्धू ने लिखा कि जनता की आवाज ईश्वर की आवाज है। पंजाब की जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करें। आप को बधाई। बता दें कि चुनाव से पहले और इसके दौरान भी पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच तल्खी रही। सिद्धू मुख्यमंत्री बनना चाहते थे लेकिन शीर्ष आलाकमान ने दलित चेहरे चन्नी पर भरोसा जताया। सिद्धू की बेटी ने खुलकर चन्नी के खिलाफ बयानबाजी की। 

गुटबाजी का नुकसान हो गया
विधानसभा चुनाव के ऐलान के काफी पहले से ही पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी थी। पहले तो वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस नाम से नई पार्टी बना ली। दूसरी तरफ सिद्धू पर तरजीह देते हुए चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया। चुनाव के एलान के बाद सिद्धू को उम्मीद थी कि पार्टी उनके चेहरे पर चुनाव लड़ेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस बीच किसान आंदोलन के दौरान पार्टी की तरफ से गतिशीलता की कमी ने भी नुकसान पहुंचाया। 

पंजाब को आप पसंद है
दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने पूरी ताकत यहां झोंक दी। केजरीवाल ने खुद कई जनसभायें और रैलियां कीं। यही नहीं, भगवंत मान जैसे लोकप्रिय चेहरे को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया। या यूं कह लें कि केजरीवाल ने सिख कार्ड चला। दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल को लेकर किया गया काम भी आप के हक में गया। विकल्प तलाश रही पंजाब की जनता ने इसे पसंद किया।