logo

आखिर SIR की मंजूरी किसने दी? RTI से मिली जानकारी से शुरू हुआ अब नया विवाद 

आखिर SIR की मंजूरी किसने दी? RTI से मिली जानकारी से शुरू हुआ अब नया विवाद 

द फॉलोअप डेस्क 

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के बीच अब इस बात को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है कि आखिर राष्ट्रीय स्तर पर SIR की स्वीकृति किसने दी? पीएम नरेंद्र मोदी ने या अमित शाह ने। एक आरटीआई से इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ये नया विवाद और बहस शुरू हुई है। इसे लेकर शनिवार को कांग्रेस ने सवाल उठाया कि वोटर लिस्ट के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न' (SIR) को पूरे देश में लागू करने के पीछे कौन था। पवन खेड़ा ने पूछा कि क्या इसके पीछे "शहंशाह या अमित शाह" थे? एक्टिविस्ट अंजलि भारद्वाज की आरटीआई अर्ज़ी पर भारत के चुनाव आयोग  के जवाब का ज़िक्र करते हुए, खेड़ा ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "क्या पूरे देश में SIR करने की मंज़ूरी दी गई है? ECI के अनुसार: नहीं।"

RTI की अर्ज़ी ECI के प्रधान सचिव तक गई
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारद्वाज ने उन फ़ाइलों की कॉपी मांगी थी जिनके ज़रिए चुनाव आयोग ने पूरे देश में SIR शुरू करने का फ़ैसला मंज़ूर किया था। खेड़ा ने कहा कि RTI की अर्ज़ी ECI के प्रधान सचिव तक गई। भारद्वाज की आरटीआई अर्ज़ी पर चुनाव आयोग के लिखित जवाब का ज़िक्र करते हुए खेड़ा ने लिखा, "आयोग ने अब तक 2025 में पूरे देश में स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न (SIR) शुरू करने का कोई फ़ैसला नहीं लिया है।" कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि SIR को पूरे देश में लागू करने की मंज़ूरी देने वाला आदेश आखिर कहां है। खेड़ा ने कहा, "कोई आदेश नहीं है। कम से कम चुनाव आयोग के अनुसार, ऐसा कोई फ़ैसला नहीं लिया गया था - और इसलिए ऐसा कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं था।" चुनाव आयोग ने SIR को तीन चरणों में लागू किया था: पहले चरण में बिहार से शुरुआत हुई, दूसरे चरण में नौ राज्य और तीन केंद्र शासित प्रदेश शामिल थे, जबकि तीसरे चरण में बाकी 16 राज्य और 3 केंद्र शासित प्रदेश शामिल थे।

Tags - SIR Election Commission RTI Anjali Bhardwaj Pawan Khera