logo

बेटे की लाश बैग में रखकर शांत बैठी थी मां, 10 घंटे के रास्ते में कुछ भी नहीं कहा

ेददमपलो.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
चार साल के बेटे की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार एआई स्टार्ट-अप की सीईओ सूचना सेठ को लेकर एक और खुलासा हुआ है। दरअसल, वह जिस टैक्सी में गोवा से कर्नाटक का सफर कर रही थी, उसके ड्राइवर से बात करने पर पता कि महिला पूरे सफर के दौरान काफी शांत थी। गुरुवार को उत्तरी गोवा के कैंडोलिम में मीडिया से बात करते हुए, सेठ को पकड़ने में पुलिस की मदद करने वाले टैक्सी ड्राइवर रे जॉन ने कहा कि वह महिला शांत थी और 10 घंटे से भी लंबी इस यात्रा में उसने एक भी शब्द नहीं बोला। 

काफी भारी था बैग 
महिला पर गोवा के कैंडोलिम स्थित एक सर्विस अपार्टमेंट में बच्चे की हत्या का आरोप है। जॉन ने कहा कि सर्विस अपार्टमेंट के कर्मचारियों ने सेठ के लिए उसकी टैक्सी बुक की थी। टैक्सी ड्राइवर ने कहा, "जब मैं सर्विस अपार्टमेंट पहुंचा, तो उन्होंने (सेठ) मुझे रिसेप्शन से टैक्सी तक अपना बैग ले जाने के लिए कहा। यह काफी भारी था।" ड्राइवर ने कहा, "मैंने उससे पूछा कि क्या हम बैग को हल्का करने के लिए उसमें से कुछ सामान निकाल सकते हैं, तो उसने मना कर दिया। हमें बैग को कार की डिग्गी तक खींचना पड़ा।" ड्राइवर ने कहा कि महिला को उत्तरी गोवा के बिचोलिम शहर पहुंचने के बाद प्यास लगी, तो उसने बस मुझे पानी की बोतल लाने के लिए कहा था। 


सड़क मार्ग से सफर करने पर दिया जोर
जॉन ने कहा कि जब वे सोमवार को बेंगलुरु जा रहे थे, तो कर्नाटक-गोवा सीमा पर चोरला घाट खंड पर काफी ट्रैफिक जाम था। पुलिस ने उनसे कहा कि ट्रैफिक क्लियर होने में कम से कम चार घंटे लगेंगे। उन्होंने कहा, "मैंने समय बढ़ा-चढ़ाकर बताया और मैडम (सेठ) से कहा कि सड़क साफ करने में छह घंटे लगेंगे और सुझाव दिया कि हम वापस मुड़ सकते हैं और हवाई अड्डे की ओर जा सकते हैं, लेकिन उसने सड़क मार्ग से आगे बढ़ने पर जोर दिया।" इसकी वजह से उसे लगा कि कुछ गड़बड़ है। सूचना सेठ को सोमवार रात कर्नाटक के चित्रदुर्ग से गिरफ्तार किया गया। जब वह अपने बेटे के शव को बैग में भरकर टैक्सी में यात्रा कर रही थी और मंगलवार को गोवा लाई गई। मापुसा शहर की एक अदालत ने उसे छह दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है।