logo

दिल्ली : सुबोधकांत सहाय का विवादित बयान, बोले- "सुनो मोदी..जो हिटलर की राह चलेगा वो हिटलर की मौत मरेगा"

a234.jpg

डेस्क: 

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने जंतर-मंतर में ईडी द्वारा राहुल गांधी से हो रही पूछताछ के खिलाफ जारी धरना प्रदर्शन के दौरान कहा कि जो हिटलर की राह चला है वो हिटलर की मौत मरा है। सुन लो मोदी। बयान का ये वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। 

पीएम मोदी पर विवादित बयान
सुबोधकांत सहाय ने अपने संबोधन के दौरान केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि "ये लुटेरों की सरकार है। मोदी जो मदारी के रूप में इस देश में आकर पूरी तरह तानाशाही स्वरूप में आ गया है। मुझे तो लगता है कि हिटलर का सारा इतिहास इसने पार कर लिया। हुड्डा साहब बड़े गांव की भाषा समझा रहे थे। हिटलर ने भी फौज के अंदर एक संस्था बनाई थी, उसका नाम था खाखी। मोदी हिटलर की राह चलेगा, तो हिटलर की मौत मरेगा। ये याद रख लो मोदी।" 

 

अग्निपथ स्कीम के खिलाफ प्रदर्शन
गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा सेना भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव लाते हुए अग्निपथ स्कीम लाई गई है। अग्निपथ स्कीम का देशव्यापी विरोध हो रहा है। देश के कई राज्यों में ट्रेनों में आग लगा दी गई। वाहनों में आग लगाई गई। दुकानों को भी आग के हवाले कर दिया गया। युवा सेना भर्ती की पुरानी प्रक्रिया ही लागू करने की मांग कर रहे हैं लेकिन रविवार को रक्षा मंत्रालय ने साफ कर दिया कि स्कीम वापस नहीं ली जाएगी। अब सेना में अग्निपथ स्कीम के तहत ही नियुक्तियां होंगी। 

अग्निपथ स्कीम के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन
कांग्रेस पार्टी द्वारा अग्निपथ स्कीम का विरोध किया जा रहा है। अन्य विपक्षी दलो का समर्थन भी प्रदर्शनकारी युवाओं को मिला है। इसी सिलसिले में सोमवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा सत्याग्रह किया जा रहा है। इसमें ईडी द्वारा राहुल गांधी से हो रही पूछताछ के खिलाफ भी कांग्रेस पार्टी द्वारा विरोध किया जा रहा है।

दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी दौरान सुबोधकांत सहाय ने ये विवादित बयान दिया।