द फॉलोअप डेस्कः
देशभर में आज राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जा रहा है। 12 जनवरी को हर साल स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था। स्वामी विवेकानंद अपने आदर्श विचारों के कारण भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को आज भी राह दिखाते हैं। कम उम्र में स्वामी विवेकानंद ने अपने विचारों से दुनिया को प्रभावित किया था। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर देश के युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है। भारत के प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु स्वामी विवेकानंद का पूरा जीवन युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत है, उन्होंने न सिर्फ अपने भाषणों से बल्कि अपने पूरे जीवन काल में जैसे उद्धरण प्रस्तुत किए वो दुनिया को सिखाने वाले हैं। उनके काम और विचार युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं।

क्यों मनाया जाता है राष्ट्रीय युवा दिवस
देश का भविष्य देश के युवाओं पर निर्भर करता है। इसलिए किसी भी देश के विकास में उस देश के युवाओं का अहम योगदान होता है. ऐसे में यह बेहद जरूरी हो जाता है कि, युवाओं को सही मार्गदर्शन मिले. इसी उद्देश्य से हर साल राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है. लेकिन युवा दिवस मनाने के लिए स्वामी विवेकानंद की जयंती का दिन ही क्यों चुना गया, आइये जानते हैं इसके बारे में

12 जनवरी को क्यों मनाया जाता है युवा दिवस
स्वामी विवेकानंद धर्म, दर्शन, इतिहास, कला, सामाजिक विज्ञान और साहित्य के ज्ञाता थे। भारतीय शास्त्रीय संगीत में भी इनकी गहरी रुचि थी। स्वामी जी के विचार और कार्य आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। विवेकानंद के अनमोल और प्रेरणादायक विचार युवाओं को प्रोत्साहित करते हैं। यही कारण है कि, स्वामी विवेकानंद की जयंती यानी 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के तौर पर मनाया जाता है। इस दिन विद्यालयों और कॉलेजों में विभिन्न कार्यक्रम के आयोजन होते हैं, रैलियां निकाली जाती हैं और व्याख्यान होते हैं।