logo

बड़ी खबर : GoAir की 2 फ्लाइट्स में आई तकनीकी खराबी, उड़ान के बीच से लौटाना पड़ा

go_air1.jpg

डेस्क:

गो-एयर (GO Air) की 2 फ्लाइट में तकनीकी खराबी की खबर आई है। मामला मंगलवार का है। फ्लाइट VT-WGA G8-386  ने मुंबई से लेह (Leh) के लिए उड़ान भरी थी। वहीं एक अन्य फ्लाइट VT-WG G8-6202 ने श्रीनगर से दिल्ली (Srinagar to Delhi) के लिए उड़ान भरी थी। इन दोनों फ्लाइट को तकनीकी खराबी के बाद श्रीनगर (Srinagar) और दिल्ली (Delhi) लौटाया गया है। इसकी जानकारी डॉयरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन ( DGCA) ने दी है।

तकनीकी खराबी की जांच जारी
 जानकारी देते हुए डॉयरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन ने कहा कि हम मामले की जांच कर रहे हैं। बहुत जल्द पता चल जाएगा कि आखिरकार खराबी कहां थी। बता दें कि गोएयर की फ्लाइट में बीते 5 जुलाई को भी तकनीकी खराबी की खबर सामने आई थी। जहां दिल्ली से पटना जा रही फ्लाइट के कैप्टन ने विमान को पटना एयरपोर्ट पर लैंड करने से इनकार कर दिया था। जिससे फ्लाइट को वापस दिल्ली की ओर मोड़ लिया गया था। दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से पटना भेजा गया।

एक महीने के अंदर 8 ऐसी घटनाएं
बता दें कि पिछले कुछ महिनों में फ्लाइट में तकनीकी खराबी में मामले में बढोतरी हुई हैं। केवल स्पाइसजेट विमान से एक महीने के अंदर 8 ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जिसके बाद डीजीसीए ने विमान कंपनियों को नए निर्देश जारी करके कहा है कि हर फ्लाइट से पहले तय नियमों का पालन करना होगा। विमान कंपनियों को दिक्कतें दूर करने के लिए 28 जुलाई तक का वक्त दिया गया है। ये निर्देश विमानों की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की एयरलाइंस के बड़े अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद सोमवार को जारी किया गया है।