मोगा:
पंजाब (Punjab) के मोगा (Moga) से शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। 12वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। नापाक इरादे में नाकामयाब होने पर दरिंदों ने छात्रा को छत से धक्का दे दिया। घटना में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। छात्रा का इलाज लुधियाना के DMC अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसके दोनों पैर टूट गए है और साथ ही जबड़े में भी गंभीर चोट आई है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

इरादें में कामयाबी न होने पर दिया धक्का
मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों ने छात्रा के साथ मारपीट भी की है। छात्रा ने अकेले ही इसका सामना किया। जब आरोपियों को उनके इरादे में कामयाबी नहीं मिली तो उन्होंने बच्ची को छत से धक्का दे दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, अभी छात्रा बोल नहीं सकती।
स्टेडियम खेलने गई थी बच्ची
छात्रा के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी 12वीं कक्षा की छात्रा है। वह ट्यूशन पढ़ कर वापस घर आई थी। इसके बाद वह घर के पास बने स्टेडियम में खेलने चली गई। वहां उसकी पहचान का एक युवक था, जो उसे बातों में लगाकर स्टेडियम की छत पर ले गया। छत पर पहले से 2 युवक बैठे थे। तीनों ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। इसी दौरान एक युवक ने उसे छत से धक्का दे दिया। धक्का देने के बाद तीनों घटनास्थल से फरार हो गए।

एंबुलेंस से लाया गया अस्पताल
स्टेडियम में मौजूद लोगों ने आनन-फानन में एंबुलेंस को फोन किया। छात्रा को DMC अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले के जानकारी छात्रा के परिजनों को दी गई जिसके बाद से परिवार में हड़कंप मचा है। वहीं थाना सिटी मोगा के प्रभारी दलजीत सिंह ने बताया कि अभी छात्रा बोलने में असमर्थ है जैसे ही वो बोलने योग्य हो जाएगी बयान दर्ज करके आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा।