logo

मंडप में बैठी थी दुल्हन और उधर करंट से जल गये 2 भाई, मातम के बीच लिए सात फेरे

ps.jpg

 

द फॉलोअप डेस्क:


यूपी के फतेहपुर जिले में बहन की शादी के दिन  उसके 2 भाइयों की मौत हो गई। भाइयों की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है। किसी तरह परिजनों ने दुल्हन को संभाला और गमगीन माहौल में फेरे करवाए। उसके बाद बाकी रस्में पूरी करवाकर रात को ही दुल्हन की विदाई कर दी गई। 

जेनरेटर की डीजल खत्म हो गया था
बता दें कि फतेहपुर जिले के औंग थानाक्षेत्र के रामपुर गांव के रहने वाले अवधपाल की पुत्री तनु की बरात कानपुर के किदवई नगर से सोमवार की रात आई थी। अगवानी के दौरान ही जेनरेटर का डीजल खत्म हो गया। डीजल खत्म होने पर दुल्हन का सगा भाई दीपक (24) अपने चचेरे भाई के संदीप (25) के साथ बाइक से डीजल लेने पेट्रोल पंप गया था। संदीप फौज में था।

 

फिसलकर बिजली पोल से टकराई बाइक


पेट्रोल पंप पर दोनों ने 20 लीटर डीजल प्लास्टिक के 2 डिब्बों में भरवाया और घर लौटने लगे। लौटते समय रामपुर इंडस्ट्रियल एरिया में उनकी बाइक के आगे कुत्ता आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में बाइक बेकाबू होकर फिसल गई और बिजली के पोल से टकरा गई।  
टक्कर इतनी तेज थी कि पोल में लगा बिजली का तार दोनों भाईयों के ऊपर गिर गया। जिसके करंट दोनों भाई बुरी तरह झुलस गए। राहगीरों ने उन्हें सड़क किनारे पड़ा देखा तो परिवार और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।