logo

"धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा काफी नहीं, छात्रों पर बर्बरता के लिए गृहमंत्री भी छोड़ें पद"; NSUI ने उठाई मांग...

NSUI3.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

कांग्रेस पार्टी की छात्र इकाई एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने सोमवार को दिल्ली में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से हमारी मांग पूरी नहीं हुई है, बल्कि छात्रों पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज और बलप्रयोग के लिए गृहमंत्री अमित शाह का भी इस्तीफा होना चाहिए। विनोद जाखड़ ने कहा कि देश का प्रत्येक विद्यार्थी यह जानता है कि गृहमंत्री के आदेश पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया था, इसलिए नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति की निगरानी में कोई काम विफल हुआ है, उसकी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि इस्तीफा दे। 

 

एनटीए को बैन करके पारदर्शी परीक्षा की मांग
एनएसयूआई ने कहा कि सरकार को एनटीए को बैन करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सभी भर्ती औऱ प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन पारदर्शी तरीके से हो। विनोद जाखड़ ने कहा कि सरकार से हमारी मांग है कि कैलेंडर जारी करके परीक्षाओं का समय पर आयोजन हो और सही वक्त पर परिणाम जारी कर दिया जाए।

एनएसयूआई ने सरकार से पेपर लीक के खिलाफ कड़ा कानून बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून अभी बना नहीं है, उसपर केवल चर्चा हुई है। विद्यार्थी, केवल आश्वासन पर नहीं मानेंगे, उनको ठोस परिणाम चाहिए। विनोद जाखड़ ने कहा कि मांगें पूरी होने तक एनएसयूआई का प्रदर्शन जारी रहेगा। 

गृहमंत्री के इस्तीफे तक प्रदर्शन की चेतावनी
विनोद जाखड़ ने कहा कि जंतर मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे बच्चों पर लाठीचार्ज किया गया। बिहार के पटना समेत अन्य शहरों में भी प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ। युवा जानते हैं कि भाजपा नौजवानों को झूठा सपना दिखाकर वोट लूटने का काम करती है, लेकिन उनके भविष्य के बारे में गंभीरता से नहीं सोचती। उन्होंने कहा कि देश का युवा जानता है कि अमित शाह के इशारे पर लाठियां चली हैं, इसलिए अब गृहमंत्री का इस्तीफा चाहिए।

विनोद जाखड़ ने बताया कि वह पटना आकर एनएसयूआई के शांतनु शेखर के अलावा बेउर जेल में बंद अन्य प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात करेंगे और उनकी रिहाई की मांग करेंगे। 

Tags - NSUICongressAmit ShahJantar MantarPaper Leak