logo

9 मई को होगा पश्चिम बंगाल में नई बीजेपी सरकार का शपथ ग्रहण, 8 मई को चुना जाएगा नेता! 

a852.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

पश्चिम बंगाल की नई बीजेपी सरकार का शपथ ग्रहण 9 मई को होगा। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत 20 राज्यों के एनडीए सरकार के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरीय नेता भी शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के मशहूर ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने इस बात की जानकारी दी। 

 

शाम को 4 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक
समिक भट्टाचार्य ने बताया कि 8 मई को शाम 4 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी जिसमें नया नेता चुना जाएगा। 9 मई का दिन इसलिए चुना गया है क्योंकि, इसी दिन कविगुरु रबींद्रनाथ टैगोर की जयंती होती है। गौरतलब है कि हालिया संपन्न विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 206  सीटों पर जीत हासिल करके प्रचंड जनादेश हासिल किया है। 15 साल से सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस को 81 सीटें ही मिली। भारतीय जनता पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद की रेस में भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदू अधिकारी सबसे आगे हैं। उनके अलावा महिला विधायकों में रूपा गांगुली और अग्निमित्रा पाल भी दावेदार हैं। बीजेपी कोई चौंकाने वाला नाम भी आगे बढ़ा सकती है। 

कई मायनों में ऐतिहासिक रहा बंगाल का चुनाव
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। भारतीय जनता पार्टी ने आजादी के बाद पहली बार यहां अपनी सरकार बनाई है। पीएम मोदी ने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिलाने का बीजेपी का सपना पूरा हुआ है। बीजेपी ने अब अंग और कलिंग के साथ बंग पर भी जीत हासिल की है। गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी की पूर्वज पार्टी जनसंघ का गठन करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंगाल के ही रहने वाले थे।

15 साल से सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी को करारी शिकस्त मिली। वह भवानीपुर में अपनी परंपरागत सीट पर भी चुनाव हार गईं। ममता कैबिनेट के 7 मंत्रियों को भी चुनाव में हार मिली। 

Tags - Bengal BJP Government Oath CeremonyBengal GovernmentBengal BjpBengal Election Result