द फॉलोअप डेस्क
तमिलनाडु से एक बड़ी खबर आ रही है, जहां कुड्डालोर जिले के थिट्टाकुडी के पास बीती रात एक भयानक सड़क हादसे में नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं इस घटना में कई लोग घायल हो गए है, जिनका इलाज नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। मृतकों में 5 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक हादसे का कारण बस का टायर फटना बताया जा रहा है। इस घटना में हुई मौतों पर राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जाहिर की है। साथ ही पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की घोषणा की है।
बताया जा रहा है कि स्टेट एक्सप्रेस ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की एक एक्सप्रेस बस रात में त्रिची से चेन्नई जा रही थी। जब बस कुड्डालोर जिले में थिट्टाकुडी के पास एझुन्थुर इलाके में पहुंची तो अचानक उसका अगला टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा। और बस सड़क के बीच का बैरियर तोड़कर दूसरी लेन में चली गई। इसी दौरान दूसरी दिशा (चेन्नई से त्रिची की ओर) से आ रही दो कारों से बस की जोरदार टक्कर हो गई। इस भयानक हादसे में दोनों कारें बस के नीचे बुरी तरह दब गई। टक्कर इतनी भीषण थी की कारों के परखच्चे उड़ गए।.jpeg)
इस घटना में कार में सवार 2 बच्चों और महिलों सहित 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही थिट्टाकुडी और रामनाथम पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से मलबे में फंसे लोगों को बचाया। वहीं कारों के बीच दबे शवों को बड़ी मुश्किल से निकाला गया। घायलों को इलाज के लिए पेरम्बलुर और थिट्टाकुडी के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 
हादसे के बाद चेन्नई-त्रिची नेशनल हाईवे पर कई किलोमीटर तक गाड़ियों की लाइन लग गई। जिससे आवागमन भी पूरी तरह ठप हो गया। वहीं पुलिस यहाँ पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मरने वाले एक ही परिवार के थे अलग-अलग। वहीं मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मौतों पर दुःख जताया और अधिकारियों को मुख्यमंत्री पब्लिक रिलीफ फंड से हर मृतक के परिवार को 3 लाख रुपये देने का निर्देश दिया। साथ ही, घायलों को 1-1 लाख रुपये देने की घोषणा की।