द फॉलोअप डेस्क
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर सनसनीखेज दावा किया है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रोकने के लिए धमकी दी थी कि अगर भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ यह कार्रवाई जारी रखी, तो अमेरिका व्यापार समझौता रद्द कर देगा। ट्रंप ने साथ ही पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि “वो टफ गाइ हैं, किलर हैं, और बेहद सख्त नेता हैं।”
#WATCH | US President Donald Trump says, "I'm doing a trade deal with India, and I have great respect and love for Prime Minister Modi. We have a great relationship. Likewise, the Prime Minister of Pakistan is a great guy. They have a Field Marshal. You know why he's a Field… pic.twitter.com/ZbxkpSnBl1
— ANI (@ANI) October 29, 2025
इंडियन एक्सप्रेस में छपी रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण कोरिया में एक कार्यक्रम के दौरान बोलते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने उस वक्त भारत और पाकिस्तान, दोनों देशों से बात की थी जब दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा हुआ था। ट्रंप के मुताबिक, “मैंने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि हम आपके साथ व्यापार समझौता नहीं कर सकते क्योंकि आप पाकिस्तान के साथ युद्ध की स्थिति में हैं। फिर मैंने पाकिस्तान को भी यही बात कही कि जब तक लड़ाई जारी है, हम किसी से भी व्यापार नहीं करेंगे।”

ट्रंप ने कहा कि दोनों नेताओं ने अपनी-अपनी स्थिति पर जोर दिया, लेकिन कुछ दिनों बाद दोनों ने बातचीत कर तनाव कम कर दिया। उन्होंने कहा, “दो दिन बाद दोनों देशों ने फोन कर कहा कि हमने समझ लिया है, अब हम नहीं लड़ेंगे। क्या यह अद्भुत नहीं है?”
राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी सबसे अच्छे दिखने वाले इंसान हैं, लेकिन वो एक ‘किलर’ हैं, बेहद सख्त। वो कहेंगे – नहीं, हम लड़ेंगे! और मैंने सोचा, यह वही व्यक्ति है जिसे मैं जानता हूं।”
ट्रंप ने यह भी दोहराया कि उस संघर्ष के दौरान सात विमान गिराए गए थे, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वे किस देश के थे। अपने भाषण के दौरान ट्रंप ने भारत के साथ अपने रिश्तों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा, “मैं भारत के साथ एक व्यापार समझौता कर रहा हूं, और मुझे प्रधानमंत्री मोदी के प्रति बहुत सम्मान और प्रेम है। हमारा बहुत अच्छा रिश्ता है। पाकिस्तान का प्रधानमंत्री भी अच्छा व्यक्ति है, वह भी मजबूत नेता है।”
