द फॉलोअप नेशनल डेस्क:
रेलगाड़ियों में टीटीई द्वारा यात्रियों से दुर्व्यवहार की बात नई नहीं है। अक्सर टीटीई द्वारा यात्रियों के साथ मारपीट या उन्हें अपमानित किए जाने की घटनाएं सामने आती है। इस बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक टीटीई युवक को पीटता दिखाई पड़ता है। वायरल वीडियो में टीटीई, युवक को न केवल पीटता है बल्कि उसका मफलर खींचकर उसे अपशब्द भी कहता है। सामने दूसरी बर्थ पर बैठे यात्री ने इसका वीडियो बनाया है। साफ दिख रहा है कि टीटीई ने उक्त घटना का वीडियो बना रहे यात्री के साथ भी बद्तमीजी की और उससे मोबाइल छीन लिया। घटना का वीडियो किसी ने ट्विटर (एक्स) पर शेयर करते हुए केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी बैष्णव को टैग किया और घटना पर कड़े सवाल पूछे। अब, रेलमंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए टीटीई पर कड़ी कार्रवाई की है।
Zero tolerance for such misconduct, TTE has been suspended. https://t.co/MycVdbzw5i
— Ashwini Vaishnaw (@AshwiniVaishnaw) January 18, 2024
बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस की थी घटना
यह वीडियो दरअसल, बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या-15203) का है जहां टीटीई यात्री से दुर्व्यवहार करता दिख रहा है। मामले में डीआरएम कार्यालय ने टीटीई को निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। रेलमंत्री अश्विनी बैष्णव ने टीटीई पर कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा कि उसे निंलबित कर दिया है। इस प्रकार के दुर्व्यवहार के प्रति हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है। इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टीटीई पर जरूर कार्रवाई कर दी गई है लेकिन ट्रेन यात्रियों में इसे लेकर काफी नाराजगी है। उनका मानना है कि अक्सर टीटीई द्वारा यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। यह मानसिकता कब खत्म होगी।
ट्विटर यूजर ने की थी कार्रवाई की मांग
गौरतलब है कि राजेश साहू नाम के ट्विटर (एक्स) यूजर ने रेलमंत्री अश्विनी बैष्णव को टैग करते हुए यह वीडियो शेयर किया था। उन्होंने लिखा था कि "आप बताएं कि क्या इन लोगों (टीटीई) को ऐसे पीटने की आजादी है। क्या टीटीई के नाम पर गुंडे रखे गए हैं। ये सिस्टम में क्यों है? वीडियो साफ है कार्रवाई कीजिए। और हां, जनता को कीड़े-मकौड़े समझना बंद कीजिए। यह सब देखकर गुस्सा आता है"।