द फॉलोअप डेस्कः
संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। विजिटर गैलरी से दो व्यक्ति लोकसभा में कूद गए। फिर वह आसन की ओर बढ़ने लगे। सदन में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोका। लोकसभा में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल हो गया। जिस समय यह घटना हुई, सदन में महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए जा रहे थे। पश्चिम बंगाल से बीजेपी सांसद स्वगेन मुर्मु अपनी बात रख रहे थे। लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। बता दें कि आज ही 2001 आतंकी हमले की बरसी है।

कूदते ही स्प्रे करने लगे
जानकारी के मुताबिक दोनों शख्स दर्शक दीर्घा से सदन में कूदने साथ ही कुछ स्प्रे करने लगे। सदन के अंदर पीले रंग की गैस फैल गई। अफरातफरी के बीच दोनों शख्स को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया। बताया गया है कि मैसूर के सांसद के रिफेरेंस से शख्स का पास बना था। उधर, संसद के बाहर भी कुछ लोग हंगामा कर रहे हैं। हंगामा करनेवालों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

क्या कहती है पुलिस
दिल्ली पुलिस के सूत्रों का कहना है कि घटना की तस्दीक की जा रही है. सुरक्षा घेरा तोड़ने वालों से पूछताछ की जा रही है कि वे यहां तक कैसे पहुंचे और संसद और संसद आने का पास उन्हें किसने दिया. पता लगाया जा रहा है कि संसद में कूदने वालों से किसका क्या संबंध है। इस मामले में कई एजेंसियां पूछताछ कर सकती हैं। वहीं दिल्ली पुलिस ने ट्रांसपोर्ट भवन के सामने से दो प्रदर्शनकारियों, एक पुरुष और एक महिला को हिरासत में लिया है. ये लोग रंग-बिरंगा धुआं उड़ाते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. यह पूरी घटना संसद के बाहर हुई है।