logo

कांग्रेस ने श्रीराम का विरोध किया, भारत की जनता चुनावों में करेगी उनका बहिष्कार- अनुराग ठाकुर

a496.jpeg

द फॉलोअप नेशनल डेस्क:

कांग्रेस पार्टी ने अयोध्या में 22 जनवरी को आयोजित श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शिरकत करने से इनकार कर दिया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि सोनिया गांधी, मलिल्कार्जुन खड़गे और अधीर रंजन चौधरी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। कांग्रेस ने इसकी वजह यह बताई कि बीजेपी और आरएसएस ने राम मंदिर को राजनीतिक प्रोजेक्ट बना दिया है। अब इस मामले में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भगवान राम का विरोध किया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर सनातन धर्म का अपमान करने का आरोप लगाया। 

 

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस के निर्णय पर क्या कहा
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी द्वारा आमंत्रण ठुकराने पर कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है। यही होना था। कांगेस पार्टी ने हमेशा भगवान राम का बहिष्कार किया है। उन्होंने हमेशा सनातन धर्म का अपमान किया है। कई मौकों पर उन्होंने भगवान राम के अस्तित्व तक को नकार दिया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यदि उन्होंने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का बहिष्कार करने का फैसला किया है तो आगामी लोकसभा चुनावों में जनता भी उनका बहिष्कार करेगी।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने क्या बताया
कांग्रेस पार्टी ने आमंत्रण ठुकराते हुए यह कहा कि देश में लाखों लोग रामभक्त हैं और उनकी पूजा करते हैं। धर्म एक निजी मामला है लेकिन बीजेपी और आरएसएस ने इसे राजनीतिक प्रोजेक्ट बना दिया। कांग्रेस ने कहा कि निर्माणाधीन राम मंदिर का उद्घाटन करके बीजेपी स्पष्ट रूप से आगामी लोकसभा चुनावों में इसका राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। हम सम्मानपूर्वक यह न्योता अस्वीकार करते हैं। जयराम रमेश ने कहा कि हम भगवान राम और 2019 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं। हम लाखों रामभक्तों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हैं। हमें आपत्ति है कि बीजेपी ने इसे राजनीतिक इवेंट बना दिया।