द फॉलोअप डेस्क
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बदरीनाथ नेशल हाईवे पर घोलतीर के पास तीर्थयात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गयी और सीधे अलकनंदा नदी में समा गयी। हादसे में 3 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं।

बताया जा रहा है कि बस में 19 तीर्थयात्री और एक चालक सवार थे। यह बस रुद्रप्रयाग से बदरीनाथ धाम जा रही थी। रास्ते में घोलतीर के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में गिरकर नदी में डूब गयी। हादसे के वक्त करीब 10 लोग बस से छिटककर पहाड़ी पर अटक गए, जिनमें से कुछ घायल हैं। इन्हें रेस्क्यू कर जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेजा गया है। लेकिन बाकि 9 लोगों की तलाश अब भी जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाद की टीमें मौके पर पहुंच गयीं। तेज बारिश और नदी का तेज बहाव राहत कार्य में बाधा बन रहा है, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं। रुद्रप्रयाग पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली की एक बस घोलतीर के पास स्टेट बैंक मोड़ से खाई में गिर गयी है। तुरंत सभी राहत टीमें घटनास्थल पर भेजी गयीं। पुलिस ने बताया कि कुछ यात्री बस से बाहर गिर गए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
