logo

दिल्ली में सीएम हेमंत : केजरीवाल को बेल, संविधान हत्या दिवस और झारखंड विधानसभा चुनाव पर क्या बोले

a4322.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अभी दिल्ली दौरे पर हैं। दिल्ली में उन्होंने सोनिया गांधी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि, लोकसभा का चुनाव संपन्न हुआ। मैं जेल से बाहर आया। इसके बाद से सोनिया गांधी जी से मुलाकात नहीं हुई थी। चूंकि, कुछ ही महीनों में झारखंड विधानसभा में चुनाव भी होना है। हमने सोचा कि मुलाकात करना चाहिए। इसलिए मैं दिल्ली आया। हेमंत सोरेन के साथ उनकी पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन भी थी। इस बीच पत्रकारों ने सीएम हेमंत से बीजेपी द्वारा घोषित संविधान हत्या दिवस, जम्मू-कश्मीर में उपराज्यपाल को दिए गये और अधिकार और झारखंड विधानसभा चुनाव पर कई सवाल पूछे। हेमंत सोरेन ने कहा कि जम्मू-कश्मीर मामले की उनको जानकारी नहीं है। 

 

विधानसभा चुनाव पर हुई बात?
क्या दिल्ली में सोनिया गांधी के साथ झारखंड विधानसभा चुनाव पर चर्चा हुई? इस सवाल के जवाब में हेमंत सोरेन ने कहा कि, अभी चुनाव के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है। इस पर आगे बात करेंगे। केंद्र सरकार की ओर से 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाने के फैसले पर हेमंत सोरेन ने कहा कि, वो (भारतीय जनता पार्टी) क्या करेगी। क्या कहेगी। ये तो वही जानती है। बस एक बात है कि जनता अब वो नहीं रही जो इनको लगता है। जनता को अब पैसों से नहीं खरीदा जा सकता है। इस देश और यहां के लोकतंत्र की यह खूबसूरती है कि लोग बहुत संवेदनशील हैं। लोग बर्दाश्त करने की क्षमता भी रखते हैं लेकिन, जब अपनी पर आते हैं तो फिर दिखाते हैं उनकी ताकत क्या है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को यह सब समझना चाहिए। 

न्यायपालिका का मजाक बना दिया
हेमंत सोरेन ने केजरीवाल को मिले अंतरिम बेल पर कहा कि, पिछले दिनों क्या हुआ? कितना ड्रामा हुआ यह सब जानते हैं। हेमंत सोरेन ने कहा कि बीजेपी ने न्यायपालिका को भी षड्यंत्र के तहत मजाक बनाने का प्रयास किया है। अरविंद केजरीवाल को अंतरिम बेल मिली लेकिन, वह बाहर नहीं आ पाये इसका मुझे खेद है। मुझे पूरी उम्मीद है कि वो जल्द ही बाहर आयेंगे। गौरतलब है कि कथित शराब घोटाला केस में अरविंद केजरीवाल को अंतरिम बेल मिली है। कोर्ट ने यह बेल उनको जीने के अधिकार के तहत दी है। हालांकि, वे जेल से बाहर नहीं आ पायेंगे क्योंकि सीबीआई ने उनको दूसरे मामले में गिरफ्तार किया है। सीबीआई का कहना है कि उनके पास केजरीवाल के खिलाफ रिश्वत लेने के पुख्ता सबूत हैं। 

Tags - Hemant SorenArvind KejriwalJharkhand Vidhan Sabha ChunavSonia Gandhi