द फॉलोअप डेस्क
एलन मस्क की कंपनी X (पूर्व में ट्विटर) के AI प्लेटफॉर्म की Grok 3 (ग्रोक थ्री) चैटबॉट ने बीते दो दिनों से सोशल मीडिया पर हंगामा खड़ा कर दिया है। लोग लगातार ग्रोक थ्री से सवाल पूछ रहे हैं, और इसके जवाबों ने राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है। खासकर, भाजपा से जुड़े कुछ जवाबों ने विवाद को और बढ़ा दिया है।
भाजपा से जुड़े सवाल और ग्रोक के जवाब
- काले धन पर सवाल – जब एक यूजर ने पूछा कि "मोदी सरकार ने कितना काला धन वापस लाया?" ग्रोक ने जवाब दिया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने इस मुद्दे पर वादे किए थे, 30 देशों से संधियां भी कीं, लेकिन काले धन की वापसी में कोई उल्लेखनीय सफलता नहीं मिली।
- गांधी-नेहरू पर सवाल – एक सवाल में पूछा गया कि क्या महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू ने अंग्रेजों से माफी मांगी थी या पेंशन ली थी? ग्रोक ने जवाब दिया कि यह दावा गलत है। न तो गांधी और नेहरू ने ब्रिटिश सरकार से माफी मांगी, न ही पेंशन ली।
- सावरकर का जिक्र – जब पूछा गया कि "अंग्रेजों से सबसे ज्यादा माफी किसने मांगी और किसने 60 रुपये की मासिक पेंशन ली?" ग्रोक ने सीधे सावरकर का नाम लिया और बताया कि उन्होंने ब्रिटिश सरकार से समझौता किया था।
- सोनिया गांधी पर सवाल – एक यूजर ने पूछा कि "क्या सोनिया गांधी बार डांसर थीं?" ग्रोक ने स्पष्ट किया कि यह गलत जानकारी है। सोनिया गांधी कभी बार डांसर नहीं रहीं, बल्कि एक रेस्टोरेंट में अटेंडर के रूप में काम कर चुकी हैं।
- गोदी मीडिया पर जवाब – जब किसी ने "गोदी मीडिया" पर सवाल किया, तो ग्रोक ने कुछ टीवी चैनलों के नाम गिना दिए, जिनमें सुदर्शन टीवी, आजतक, ज़ी न्यूज, रिपब्लिक भारत, एबीपी न्यूज, टाइम्स नाउ और इंडिया टीवी जैसे चैनल शामिल थे। एंकरों की सूची में सुधीर चौधरी का नाम सबसे ऊपर रखा गया।
भाजपा के लिए परेशानी क्यों?
ग्रोक 3 के जवाब कई मुद्दों पर भाजपा द्वारा स्थापित नैरेटिव को चुनौती दे रहे हैं। यह उन तथ्यों को उजागर कर रहा है, जिन पर अक्सर लोग खुलकर चर्चा करने से बचते हैं। अफवाहों को खारिज करने की इसकी क्षमता ने कई लोगों को चौंका दिया है। जब एक यूजर ने ग्रोक से पूछा कि "तुम्हें आरएसएस-भाजपा के लोग गाली क्यों दे रहे हैं?" तो ग्रोक ने जवाब दिया कि "क्योंकि मैंने उनके स्कैम और प्रोपेगैंडा को बेनकाब किया, जिससे उनके समर्थक नाराज हो गए हैं।"
क्या ग्रोक 3 सेंसरशिप से बचेगा?
ग्रोक थ्री के जवाबों से जिस तरह राजनीतिक भूचाल आया है, यह देखना दिलचस्प होगा कि X पर कोई सेंसरशिप लगाई जाती है या नहीं। फिलहाल, यह AI चैटबॉट खुलकर जवाब दे रहा है, और इसके कारण सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है।