logo

शादी में डीजे बंद किया तो लड़के वालों ने लड़की के भाई को चाकू से मार डाला, बेरंग लौटी बारात 

KNIFE.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
यूपी के कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली के पैकौली लाला गांव में एक शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। बुधवार देर रात करीब एक बजे बारातियों ने लड़की के भाई और 2 अन्य लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में लड़की के भाई अजय पासवान (22) की मौत हो गयी, जबकि उसका दूसरा भाई सत्यम (17) और रिश्तेदार रामा (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज गोरखपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद बिना शादी के ही बारात वापस लौट गयी। 

मोहनलाल पासवान की बेटी की शादी बुधवार की रात हो रही थी। बारात रुद्रपुर के जोगिया गांव से आई थी। शादी के कार्यक्रम जैसे द्वारपूजा और जयमाला संपन्न हो चुका थे। रात करीब एक बजे गुरहथन का कार्यक्रम चल रहा था, तभी लड़की पक्ष के लोगों ने दरवाजे पर बज रहे डीजे को बंद करा दिया। इससे वर पक्ष के लोग भड़क गए और कहासुनी के बाद गाली- गलौज करने लगे। बात बढ़ने पर बारातियों ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान अजय, सत्यम और रामा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुकरौली ले गए, जहां से हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रास्ते में अजय ने दम तोड़ दिया। 
 

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली सुशील कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और वर पक्ष के कई लोगों को हिरासत में ले लिया। कोतवाल सुशील कुमार शुक्ला ने बताया कि डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में लड़की के भाई की हत्या कर दी गयी है। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

Tags - Hindi News Hindi Latest News Latest News Wedding Attack Uttar Pradesh