द फॉलोअप डेस्क
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अपना 67 वर्ष की हो गई हैं। उनका जन्म 20 जून 1958 को हुआ था। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
इस बार राष्ट्रपति मुर्मू अपना जन्मदिन उत्तराखंड में मना रही हैं। वह देहरादून के राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन में जन्मदिन का जश्न मनाएंगी। इसी अवसर पर वह यहां एक अत्याधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला भी रखेंगी, जो कि 132 एकड़ जमीन पर तैयार किया जाएगा।
PM मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने शुभकामना संदेश में कहा,"राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देश भर के करोड़ों लोगों को प्रेरित करता रहेगा। जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए आशा और शक्ति की किरण है। उन्होंने हमेशा गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए काम किया है। ईश्वर उन्हें लोगों की सेवा करते हुए दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करे।"

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दी बधाई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी अपनी ओर से राष्ट्रपति को बधाई दी और लिखा,"भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से हम भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। उनकी बुद्धिमत्ता और राष्ट्र की प्रगति, कल्याण और न्याय के प्रति अटूट समर्पण देश को सत्य और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ाता रहे। हम उनके दीर्घायु, स्वस्थ और पूर्ण जीवन की कामना करते हैं।"
मैं आपके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं:राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से पोस्ट करते हुए लिखा,"राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मैं आपके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।"
21 जून को उत्तराखंड में रहेंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति मुर्मू 21 जून तक उत्तराखंड में रहेंगी। इस दौरान वह कई विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर वह देहरादून के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित योग कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगी।
जन्मदिन की शुरुआत राष्ट्रपति शिव मंदिर में पूजा-अर्चना से करेंगी। पिछले वर्ष भी उन्होंने अपने जन्मदिन की शुरुआत भगवान जगन्नाथ के दर्शन से की थी। तीन दिनों तक राष्ट्रपति देहरादून में रहेंगी और इस दौरान शहर में धारा 163 लागू रहेगी। उनके पूर्व दौरे के समय एक चोरी की घटना सामने आई थी, जिसे ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
