logo

समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज विधानसभा तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करेंगेः स्पीकर

समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज विधानसभा तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करेंगेः स्पीकर

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

Jharkhand Vidhansabha News: विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस केवल एक संवैधानिक संस्था की स्थापना का उत्सव नहीं है, बल्कि यह झारखंड की लोकतांत्रिक चेतना, जन आकांक्षा, संघर्ष और उपलब्धियों की यात्रा को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि झारखंड का निर्माण जल, जंगल, जमीन, अस्मिता, अधिकार और सम्मान के लिए पीढ़ियों के संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा उन सपनों की संवैधानिक अभिव्यक्ति है, जिनके लिए हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया था। यह सदन केवल कानून बनाने का स्थान नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज शासन की सर्वोच्च लोकतांत्रिक प्रक्रिया तक पहुंचाने का माध्यम है इसे वह सुनिश्चित करेंगे। वह झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना पर आयोजित समारोह में स्वागत भाषण कर रहे थे। कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह के दौरान उत्कृष्ट विधायक सम्मान से विधायक निरल पूर्ति को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधानसभा की लोकतांत्रिक यात्रा, विधायी कार्यों, सदन की कार्यवाही और जनहित के मुद्दों पर वक्ताओं ने विस्तार से चर्चा की।


विधानसभा की बैठकों और विधायी कार्यों का रखा आंकड़ा
रवींद्रनाथ महतो ने विधानसभा की कार्यप्रणाली का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2020 से 2024 तक पांचवीं विधानसभा में कुल 118 बैठकें आयोजित हुईं। इस दौरान औसतन लगभग 24 बैठकें प्रतिवर्ष हुईं। वहीं, वर्ष 2025 में झारखंड विधानसभा ने 31 बैठकें आयोजित कीं, जो राष्ट्रीय औसत से सात दिन अधिक थी। उन्होंने कहा कि विधानसभा की सफलता का मापदंड केवल बैठकों की संख्या नहीं, बल्कि उन बैठकों की सार्थकता है। सदन में कितने जनहित के प्रश्न उठे, कितनी गंभीर चर्चा हुई, सरकार की कितनी प्रभावी जवाबदेही सुनिश्चित हुई और विधेयकों पर कितना विचार-विमर्श हुआ, यही किसी विधानसभा की वास्तविक उपलब्धि है। पांचवीं विधानसभा में पारित विधेयकों का विषयवार ब्योरा भी रखा। इसके अनुसार लगभग 30 प्रतिशत विधेयक वित्त एवं कराधान, 27 प्रतिशत शिक्षा, 17 प्रतिशत प्रशासन एवं कार्मिक, 9 प्रतिशत कानून एवं न्याय, 5 प्रतिशत स्थानीय शासन, 3 प्रतिशत श्रम और 6 प्रतिशत अन्य विषयों से संबंधित थे।  


 

प्रश्नकाल और संसदीय समितियों को प्रभावी बनाने पर दिया जोर
अपने संबोधन में स्पीकर ने पांचवीं विधानसभा के कार्यकाल से जुड़े कुछ विषयों पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि विधेयकों को विस्तृत परीक्षण के लिए समितियों के पास भेजने की संख्या सीमित रही। संसदीय समितियां विधेयकों के प्रावधानों की गहन समीक्षा और विशेषज्ञों के परामर्श का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए समिति प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण संसदीय उपकरण है। अध्ययन के अनुसार पांचवीं विधानसभा के सूचीबद्ध तारांकित एवं अल्पसूचित प्रश्नों में से लगभग 9 प्रतिशत प्रश्नों का ही उत्तर प्राप्त हुआ। इसके साथ ही उन्होंने बजट पर सार्थक और पर्याप्त चर्चा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

महिला प्रतिनिधित्व को बताया महत्वपूर्ण उपलब्धि
रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि वर्तमान विधानसभा में 12 महिला सदस्य निर्वाचित हुई हैं, जो अब तक का सर्वाधिक महिला प्रतिनिधित्व है। यह महिला भागीदारी की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। लोकतंत्र तभी पूर्णता प्राप्त करेगा, जब महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी और अधिक व्यापक तथा प्रभावी होगी।  उन्होंने कहा कि झारखंड जैसे विशिष्ट प्रदेश में विकास और पर्यावरण, उद्योग और आजीविका, आधुनिकता और परंपरा तथा आर्थिक प्रगति और सामाजिक न्याय के बीच संतुलन स्थापित करना जरूरी है।

निरल पूर्ति को सम्मान मिलने पर दी गई बधाई
समारोह में भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित होने वाले विधायक निरल पूर्ति को रवींद्रनाथ महतो ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विधानसभा सचिवालय के उत्कृष्ट कर्मियों को सम्मानित करने की परंपरा को भी लोकतांत्रिक जीवन में उत्कृष्टता और कर्तव्यनिष्ठा को प्रोत्साहित करने वाला बताया। उन्होंने सदन की बैठकों को नियमित और सार्थक बनाने, प्रश्नकाल और समितियों के माध्यम से जवाबदेही मजबूत करने तथा विधेयकों पर गहन विचार-विमर्श को प्रोत्साहित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि प्रयास होना चाहिए कि झारखंड के सबसे दूरस्थ गांव में रहने वाले नागरिक को भी यह विश्वास हो कि उसकी आवाज विधानसभा तक पहुंचती है।


सम्मान मिलने पर निरल पूर्ति ने जल-जंगल-जमीन के लिए काम करने का लिया संकल्प
उत्कृष्ट विधायक सम्मान प्राप्त करने के बाद निरल पूर्ति ने अपने संबोधन की शुरुआत देश की सीमा और राज्य में नक्सली हमलों में जान गंवाने वाले वीर जवानों को नमन करते हुए की। उन्होंने सुदिव्य सोनू और मुख्यमंत्री की माता को भी नमन किया। सम्मान मिलने पर निरल पूर्ति ने जल-जंगल-जमीन के लिए काम करने का लिया संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान मंझगाव के लोगों के आशीर्वाद का परिणाम है। यह सम्मान उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। निरल पूर्ति ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके वरिष्ठ सदस्यों ने उन्हें संसदीय कार्यों को सीखने में मदद की है। इस सम्मान के लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।


राधाकृष्ण किशोर ने निरल पूर्ति को दी बधाई
इस अवसर पर राधाकृष्ण किशोर ने निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारा राज्य अब 26 वर्ष का हो गया है। झारखंड राज्य शिबू सोरेन की परिकल्पना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इससे पहले किसी ने राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के बारे में नहीं सोचा था, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इन बातों को ध्यान में रखते हुए काम किया है। उन्होंने निरल पूर्ति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनमें जवाबदेही दिखाई देती है। वह कर्मठ हैं और इसी वजह से बधाई के पात्र हैं। राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि पूरे देश से हटकर हमारे विधानसभा का विधायी कार्य अपनी विशेष पहचान रखता है।

Tags - JharkhandAssemblyFoundation DaySpeakerGovernorCM