बंगाल:
पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाला (SSC Scam) मामले में टीएमसी नेता पार्थ चटर्जी (Partha Chatterjee) पर एक महिला ने चप्पल फेंक दिया। महिला का कहना है कि ये नेता जनता का करोड़ों रुपए लूटकर अपने घर की तिजोरी भर रहे हैं। ऐसे भ्रष्टाचारी को AC कार में अस्पताल लाया जाता है। इन्हें तो गले में रस्सी बांधकर घसीटकर लाना चाहिए। बता दें कि रविवार को पार्थ चटर्जी ने कहा है कि बरामद पैसे उनके नहीं हैं। साथ ही दावा भी किया है कि समय बताएगा कि उनके खिलाफ यह साजिश किसने की है।

महिला ने कहा कि उन्हें गुस्सा आ गया था
आक्रोशित महिला से जब इस बारे में पूछा गया तो उसने कहा कि मैं अपने मरीज के लिए दवा लाने गई थी, लेकिन पार्थ को देखकर मुझे गुस्सा आया और मैंने उसे चप्पल फेंककर मार दिया। महिला ने कहा कि चप्पल अगर उसके गंजे सिर पर जाकर लगती तो मुझे ज्यादा खुशी होती। मैं तो नंगे पांव चल लूंगी, लेकिन ऐसे लूटेरों को कब तक सरकारी सुविधा मिलती रहेगी।
कोई मेरे खिलाफ षड्यंत्र कर रहा है
रविवार को अस्पताल चेकअप के लिए आए पार्थ चटर्जी ने मीडिया के सवाल पर जवाब देते हुए पार्थ चटर्जी ने कहा, 'ये उनका पैसा नहीं है। मेरी तबियत खराब है। इन पैसों के साथ मेरा कोई संबंध नहीं है।' ESI अस्पताल में चेकअप के लिए जब पार्थ चटर्जी को लाया गया तो रिपोर्टर्स के सवाल के जवाब में पार्थ चटर्जी ने बताया कि उनके खिलाफ किसने षड्यंत्र किया, समय आने पर सब पता चलेगा। उन्होंने अपनी हेल्थ के बारे में भी बताया और आखिरी सवाल में जब उनसे पैसे के बारे में पूछा गया तो पार्थो चटर्जी ने बताया कि पैसा उनका नहीं है।

ईडी ने पार्थ के 17 ठिकानों पर मारा छापा
बता दें कि केंद्रीय जांच एजेंसी पार्थ चटर्जी से जुड़े करीब 17 ठिकानों पर छापा मार चुकी है। 1 दर्जन से ज्यादा नए ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी है। डायमंड सिटी के फ्लैट पर 22 जुलाई को छापा पड़ा। बेलघोरिया के 2 फ्लैट पर 27 जुलाई को छापा पड़ा और चिनार पार्क का फ्लैट जहां 28 जुलाई को ईडी दबिश दी। अब तक अर्पिता के 4 फ्लैट्स पर ED छापेमारी कर चुकी है। अर्पिता मुखर्जी के घर पहली छापमारी में करीब 22 करोड़ रुपये और 70 लाख का सोना, जबकि दूसरी छापेमारी में करीब 28 करोड़ कैश और 4 करोड़ का सोना बरामद किया था।