द फॉलोअप डेस्क, रांची
महाराष्ट्र से पति-पत्नी झगड़े का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पत्नी ने मामूली झगड़े में पति को मौत की नींद सुला दी। यह मामला महाराष्ट्र के पुणे शहर के वानवाड़ी इलाके का है। घटना बीते शुक्रवार की बताई जा रही है। रेणुका नामक युवती पर आरोप है कि उसने अपने पति निखिल पर इसलिए हमला कर दिया क्योंकि पति ने उसकी मांग पूरी नहीं की। दरअसल, 17 सितंबर को रेणुका का जन्मदिन था। ऐसे में वह अपने जन्मदिन को दुबई में मनाना चाहती थी, लेकिन उसके पति ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था।

पति की नाक पर मारा जोरदार मुक्का
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब मामले की छानबीन की तो पता चला कि रेणुका और निखिल की शादी के 5 साल पूरे होने वाले थे। 5 नवंबर को दोनों शादी की सालगिरह मनाने वाले थे। पत्नी रेणुका अपने पति से सालगिरह पर किसी बड़े सरप्राइज या ट्रिप की उम्मीद कर रही थी। लेकिन निखिल की ओर से पत्नी की उम्मीद के अनुसार उसे कोई ट्रिप प्लानिंग या बड़ा तोहफा नहीं मिला। दुबई न ले जाने के मुद्दे पर एक बार फिर 24 नवंबर को दोनों के बीच झगड़ा हुआ। देखते ही देखते गुस्साई पत्नी ने पति की नाक पर मुक्का दे मारा। इससे पति की नाक से खून बहने लगा। खून बहने से पति निखिल की मौके पर ही मृत्यु को हो गई।

रेणुका को पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी पत्नी को पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं मृतक पति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। निखिल को पत्नी ने कैसे मारा इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। हालांकि पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि पत्नी ने पति के चेहरे पर जोरदार मुक्का मार दिया था। इससे पति की मौत हो गई। फिलहाल रेणुका को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दर्ज मुकदमे में रेणुका पर हत्या की धाराएं लगाई गई हैं।
