द फॉलोअप टीम, रांची
आपने कई इंसानों को जानवरों से प्रेम करते देखा होगा या फिर उससे जुड़े कई अजीबोगरीब किस्से भी सुने होंगे। अब देखिए न, एक बिल्ली के रहस्यमय मौत हो जाने या उसकी हत्या कर दिए जाने से उसका चाहनेवाला मालिक इस कदर दुखी हुआ कि उसने थाने में प्राथमिकी तक दर्ज करा दी है। ऐसा ही एक मामला रांची के लोअर बाजार थाने में दर्ज कराया गया है।
बिल्ली की मौत पर एफआईआर दर्ज
मिली जानकारी के अनुसार लोअर बाजार थाने में एक पर्शियन बिल्ली की मौत के बाद उसके मालिक ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी कांटा टोली चौक, पुरुलिया रोड निवासी शब्बीर हुसैन ने दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार घटना 20 अक्टूबर की है। शब्बीर हुसैन ने पिछले दो साल से एक पर्शियन बिल्ली पाल रखी थी। उनके घर के सारे लोग बड़े प्यार से उसकी देखरेख करते थे।
मृत बिल्ली को घर के आंगन में दफनाया
20 अक्टूबर की सुबह जब शब्बीर हुसैन जगे तो पालतू बिल्ली नहीं दिखी। फिर उन्होंने उसे ढूंढना शुरू किया। काफी ढूंढने पर बिल्ली उनके गैरेज के गेट के सामने मृत हालत में मिली। जब बिल्ली को उन्होंने ठीक से देखा, तो उन्हें लगा कि उसकी गला दबा कर हत्या की गई है। इस घटना से उनका परिवार बहुत ही आहत हुआ है। फिर उसे घर के ही आंगन में दफनाया गया। शब्बीर हुसैन ने इससे पहले जानकारी पुलिस को दी और प्राथमिकी दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें...
बिल्ली की हत्या का दावा
उन्होंने दावा किया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी बिल्ली का गला दबाकर मारा गया है। पुलिस ने भादवि की धारा 428 (जीवजन्तु या जीव जन्तुओं को वध करने), भादवि की धारा 429 (पचास रुपए या उससे अधिक मूल्य के किसी भी अन्य जीव जन्तु का वध करने) और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।