logo

सपा का दावा, अखिलेश यादव की UP में बनेगी सरकार

सपा का दावा, अखिलेश यादव की UP में बनेगी सरकार
द फॉलोअप टीम, लखनऊ:
काफी सालों तक वाम आंदोलनों से जुड़े रहे अमीक़ जामई का तेवर बरकरार है। पिछले कई वर्षों से वो समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता हैं। ख्‍यात समाजवादी लीडर रहे डॉ. अब्दुल जलील फरीदी के नाम पर बने डॉ. फरीदी विचार मंच के जामई को-कन्वीनर बने हैं। द फॉलोअप को उन्‍होंने बताया कि भाजपा और आरएसएस से सीधी टक्कर समाजवादी पार्टी ले रही है। युवा अगुआ अखिलेश यादव के नेतृत्व में 2022 में सपा की सरकार उत्‍तरप्रदेश में बनने जा रही है। कांग्रेस की प्रियंका गांधी के बारे में कहा कि राजनीत में उनका स्वागत है। लेकिन उनकी पार्टी बहुत खास असर चुनाव में नहीं डाल सकेगी।



कौन हैं डॉ. अब्दुल जलील फरीदी
1967 में पहली नॉन कांग्रेस हकुमत बनाने में चौधरी चरण सिंह की बीकेडी, राजनारायण की PSP के साथ मजलिस के समर्थन से कांग्रेस उत्तर प्रदेश को खो दिया था। जिसमें बहुत बड़ा योगदान डॉ. अब्दुल जलील फरीदी का रहा है। मजलिस के समर्थन से मुसलमानों ने पहले नॉन कांग्रेस मोर्चे को वोट किया और चौधरी चरण सिंह मुख्यमंत्री बने। डॉ. अब्दुल जलील फरीदी लखनऊ के मशहूर टीबी के डॉक्टर थे जो गरीबो के हितैषी थे। वो समाजवादी चिंतक थे। जल्द ही वो वामपंथी और वरिष्ट सांसद मौलाना इसहाक संभली और ज़ेड अहमद की पीस कौंसिल से जुड़ गए। कोंग्रेस के दिग्गज सीबी गुप्ता को लखनऊ से चुनाव हारने के बाद फरीदी PSP से जुड़ गए और  राजनारायण और चौधरी चरण सिंह के नज़दीक आये। विधान परिषद् के लिए चुने गए और डिप्टी स्पीकर बने। 



हिंदी पट्टी में पेरियार के सामाजिक न्याय को दी ज़मीन 
अमीक़ जामई  बताते हैं कि डॉ. अब्दुल जलील फरीदी ने हिंदी पट्टी में पेरियार को सामाजिक न्याय के मैदान में ज़मीन दी। उन्हें लखनऊ आने का निमंत्रण दिया। जिससे पिछडे वर्ग के आन्दोलन में एक धार मिली। फरीदी की कयादत की इस मीटिंग जो लखनऊ के बरदारी में हुई। इसमें बीपी मंडल और कर्पूरी ठाकुर मुख्य रूप से शामिल हुए थे। डॉ. अब्दुल जलील फरीदी ने अन्य पिछडा वर्ग और अनुसूचित वर्ग के मुसलमानों को एक प्लेटफोर्म पर लाने का काम किया। जिसके उपरांत बहुजन आन्दोलन का हिंदी पट्टी में उदय हुआ।  जानकार मानते हैं कि डॉ. अब्दुल जलील फरीदी की शख्सियत के साथ इतिहास ने न्याय नहीं किया। मुसलमानों पर दमन, दोयम दर्जे के शहरी बनाने की कोंग्रेसी नीतियों के खिलाफ डॉ. अब्दुल जलील फरीदी ने राजनीतिक जवाब देने की ठानी। मुस्लिम मजलिस के अध्यक्ष बने और तत्कालीन मुख्यमंत्री चन्द्र भानु गुप्ता को समाजवादी कैंडिडेट बाबु त्रिलोकी सिंह को आगे करके चुनाव हराया! मुसलमानों के इस आंबेडकर को, जिसने कोंग्रेस सत्ता की हनक को ज़मीन पर ला दिया दिया था। उनके सामाजिक न्याय के प्रयोग को हाशिये के समाज के लिए लड़ाई और तेज़ करने के लिएउनकी ईमानदार शख्‍सियत को आज युवाओ के बीच लाने की ज़रूरत है। 



क्‍यों बने जामई डॉ. फरीदी विचार मंच के को-कन्वीनर 
डॉ. अब्दुल जलील फरीदी के राजनीतिक सलाहकार और साथी रहे तौफीक जाफरी के आदेश पर मुस्लिम युवाओ में सामाजिक न्याय, सियासी दहशतगर्दी के खिलाफ लड़ाई की बेबाक आवाज़, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अमीक जामेई को “डॉ. फरीदी विचार मंच” का “को-कन्‍वीनर” बनाने का एलान हुआ है! मंच के को-कन्‍वीनर डॉ. अफसर ने बताया है कि जामेई की ज़िम्मेदारी होगी कि वह मंच के लिए जल्द डॉ. अब्दुल जलील फरीदी के हामियों, दनिश्वरों और उनके साथ काम करने वालो के साथ एक “एडवाइजरी बोर्ड” का गठन करें। सूबा उत्तर प्रदेश में प्रदेश कार्यकारिणी, ज़ोन इंचार्ज, लोकसभा से लेकर विधानसभा तक इसके संगठन का ढांचा तैयार करेंं।

पद संभालने के बाद जामई ने कहा
अमीक जामई ने कहा, मेरा मक़सद होगा मुसलमानों में सेकुलर समाजवादी ज़ेहन के लीडर्स को आगे लाना।  सियासत हो या समाज के हर हिस्से में मुसलमान आज पिछड़े हैंं। उनकी कोई ज़रूरत समाज नहीं समझता। मुसलमानों में खुद एतमादी पैदा करना मेरा मक़सद होग। हम चाहेंगे कि मुसलमानों को उनकी आबादी के हिसाब से समाज के हर हिस्से में उन्हें उनका हक मिले। जिसके लिए आज उनके पास मुसलमानों का एक अम्बेडकर है जिन्हें हम डॉ. अब्दुल जलील फरीदी के नाम से जानते हैंं। फरीदी के सपनों पर इस लम्बी लड़ाई की शुरुआत होगी। हम सूबे के बावकार, जंगजू युवाओ से कहेंगे की वह मंच की ताक़त बनें और घर-घर तक डॉ. अब्दुल जलील फरीदी के नाम को पहुंचाएं।