logo

कांग्रेस विधायक अम्बा प्रसाद अभी भी संतुष्ट नहीं, जयंत सिन्हा पर उतार रही हैं गुस्सा

2708news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची 
झारखण्ड के बड़कागांव से कांग्रेस की युवा विधायक अम्बा प्रसाद से आप परिचित होंगे। अभी हाल ही में अपनी ही सरकार और पार्टी के खिलाफ धरना पर बैठकर सुर्ख़ियों में आई थी। अम्बा झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बड़कागांव के विस्थापितों की मांग के लिए धरना पर बैठ गई थी। कांग्रेस विधायक दल के नेता और मंत्री आलमगीर आलम ने तुरंत मामले में संज्ञान लिया था और अम्बा को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलवाया था। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने अम्बा प्रसाद को आश्वस्त किया था कि जो भी समस्याएं हैं उसका समाधान किया जायेगा। लेकिन कांग्रेस की विधायक अम्बा प्रसाद अभी भी संतुष्ट नहीं हैं।विधायक बड़कागांव के विस्थापितों के लिए मुख्यमंत्री की घोषणा से संतुष्ट नहीं हैं।अंबा प्रसाद ने कहा कि भूमि का मुआवजा, घर का मुआवजा एवं पेंशन की घोषणा से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हूँ। क्षेत्र का सबसे मुख्य मुद्दा रोजगार है जिसके लिए मैं बहुत चिंतित हूं और उसके लिए आवाज़ उठाती रहूंगी। 

सांसद जयंत सिन्हा बन रहे रुकावट : अंबा प्रसाद
बड़कागांव विधायक अम्बा प्रसाद ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि बड़कागांव की जनता के प्रोत्साहन से मुझे जनहित के कार्य करने का हौसला मिलता है। लेकिन स्थानीय सांसद जयंत सिन्हा कंपनियों के प्रवक्ता बन अपनी रोटी सेंकने के लिए यहां की जनता के विरुद्ध ही काम कर रहे हैं। अम्बा ने कहा कि एनटीपीसी केंद्र के अंदर आती है और यहां के सांसद केंद्र में मंत्री रह चुके हैं। अगर वो केंद्र सरकार से एनटीपीसी पर दबाव दिलवाते तो जनता को इतना संघर्ष नहीं करना पड़ता। क्षेत्र के मुआवजे और रोजगार को लेकर आज तक सांसद जी के द्वारा कोई पहल नहीं की गई है। उसके उल्टा उन्होंने एनटीपीसी मुख्यालय को केंद्र से दबाव देकर विस्थापित एवं प्रभावितों को जायज मुआवजा एवं रोजगार देने से मना करवा दिया ताकि मुझे और राज्य सरकार को इसका श्रेय ना मिल पाए। साथ ही खुद और अपने कार्यकर्ताओं को मेरे खिलाफ दुष्प्रचार में लगा दिया है। लेकिन उनके इस कार्य से मैं विचलित होने वाली नहीं हूं। एनटीपीसी पर जनता के विरुद्ध दबाव का पुख्ता प्रमाण समय आने पर दूंगी और जनता के न्यायालय में उन्हें खड़ा करूंगी।

ये भी पढ़ें.......