द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
भारत शुरू से इस बात पर क़ायम है कि किसी भी प्रकार से अफ़ग़ानिस्तान की ज़मीन का इस्तेमाल आतंकवाद के लिए नहीं होना चाहिए। आज इसी बात पर विश्व के आठ प्रमुख देश दृढ़ निश्चयी हुए। दरअसल राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA ) अजित डोभाल की पहल पर आज दिल्ली में उनकी ही अगुवाई में अफगानिस्तान संकट पर बैठक हुई। हालांकि पाकिस्तान और चीन को भी भारत की ओर से निमंत्रित किया गया था। लेकिन दोनों देश शामिल नहीं हुए। बैठक में भारत के अलावा रूस, ईरान, उज्बेकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान के प्रतिनिधि शामिल हुए। जिसमें 'दिल्ली डिक्लेरेशन ऑन अफ़ग़ानिस्तान' नाम से 12 सूत्री घोषणा पत्र जारी किया गया। बैठक में शामिल सभी देशों की इस बात पर सहमति रही कि अफ़ग़ानिस्तान की धरती का इस्तेमाल आंतकवाद को पोषण देने, आर्थिक मदद करने, योजना बनाने और आतंकियों को ट्रेनिंग देने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

अजित डोभाल ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह अफगान स्थिति पर क्षेत्रीय देशों के बीच करीबी विचार-विमश, अधिक सहयोग और समन्वय की जरूरत है। अफगानिस्तान में हाल के घटनाक्रम न केवल उसके पड़ोसियों बल्कि क्षेत्र के लिए भी मायने रखता है। यह हमारे बीच करीबी विचार-विमर्श का समय है। मुझे विश्वास है कि हमारे बीच विचार-विमर्श अफगान लोगों की मदद करने और हमारी सामूहिक सुरक्षा को बढ़ाने में योगदान देगा। बैठक में तालिबान के कब्जे के बाद अफगानिस्तान में बढ़े आतंकवाद, उग्रवाद, नशीली दवाओं के उत्पादन और तस्करी जैसे मुद्दों के अलावा सुरक्षा संबंधी चुनौतियों पर चर्चा हुई है।