logo

झारखंड का गौरव : जमशेदपुर की अद्रिका घोष 10वीं में 99.4 प्रतिशत अंक लाकर बनी देश की टॉपर

251news.jpg
आइसीएसइ (Council For The Indian School Certificate Examination) 10वीं के परीक्षा परिणाम जारी कर दिये गये. झारखंड के जमशेदपुर की आद्रिका घोष ने देश में सबसे ज्यादा अंक हासिल किये हैं. जमशेदपुर के सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा अद्रिका घोष को सर्वाधिक 99.4 प्रतिशत अंक मिले हैं. अद्रिका ने झारखंड राज्य ही नहीं, बल्कि पूरे देश में टॉप किया है.

काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआइएससीइ) ने वर्ष 2020 की 10वीं व 12वीं का रिजल्ट आज जारी किया. कोरोना महामारी व इसकी वजह से घोषित लॉकडाउन के कारण कुछ पेपर की परीक्षा नहीं ली गयी. ऐसे में बोर्ड ने कुछ शेष पेपर में वैकल्पिक असेसमेंट स्कीम के आधार पर इस बार रिजल्ट जारी किया.विद्यार्थियों के लिए बोर्ड ने कुछ सुविधाएं दी हैं. बोर्ड ने कहा है कि जो विद्यार्थी वर्ष 2020 के रिजल्ट से संतुष्ट नहीं होंगे, वे उत्तर पुस्तिका की दोबारा चेकिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं. री-चेकिंग के लिए विद्यार्थी 16 जुलाई, 2020 तक आवेदन कर सकेंगे. दोबारा चेकिंग उन्हीं उत्तर पुस्तिका की होगी, जिनकी लिखित परीक्षा हुई है.उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में सीआइएससीइ की परीक्षा में 10वीं में तीन विद्यार्थी स्टेट टॉपर बने थे. इन तीनों को 99 प्रतिशत अंक मिला था. इनमें जसीडीह के सार्थक सिंह, जमशेदपुर के वेदिका चंद्र व सौनक बनर्जी थे. इसी प्रकार 12वीं साइंस में भी दो विद्यार्थी 99 प्रतिशत अंक लाकर स्टेट टॉपर बने थे.इनमें जमशेदपुर के मार्शिनील प्रसाद व ऋषभ शामिल थे. 12वीं कॉमर्स में धनबाद की शैवी गोयल ने 99.75 प्रतिशत अंक व आटर्स में जमशेदपुर की ही सृष्टि वैद्य ने 99.75 प्रतिशत अंक लाकर राज्य टॉपर का गौरव हासिल किया था.