logo

साॅफ्टवेयर टेक्नोलाॅजी पार्क बनकर तैयार, तीन वर्ष पहले रखी गयी थी आधारशिला

2451news.jpg
द फाॅलोअप, सिंदरी
झारखंड को साॅफ्टवेयर के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना साफ्ट वेयर टेक्नोलॉजी पार्क सिंदरी में बनकर तैयार हो गया है। 16 करोड़ रुपये की लागत से साॅफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क तीन वर्षों में बनकर तैयार हुआ है।

केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसादन ने रखी थी आधारशिला 
सूचना और प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार और झारखंड सरकार के संयुक्त परियोजना की आधारशिला सूचना और प्रसारण मंत्री रविशंकर प्रसाद ने जमशेदपुर से ऑनलाइन रखी थी। राज्य में रांची जमशेदपुर के बाद सिंदरी में तीसरा साॅफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का निर्माण किया गया है। बीआइटी सिंदरी परिसर से सटे गोशाला में निर्मित इस साॅफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क में दर्जनों देसी-विदेशी साॅफ्टवेयर कंपनियां अपने-अपने सेटअप का निर्माण कर साॅफ्टवेयर को डेवलप करेंगी।
 
सेटेलाइट से जुड़ा होगा पार्क 
बीआइटी सिंदरी के निदेशक डॉ डीके सिंह ने बताया कि सिंदरी स्थित साॅफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क सेटेलाइट से जुड़ा होगा। यहां बीआइटी सिंदरी के विद्यार्थियों को लाइव प्रोजेक्ट पर काम करने का अवसर मिलेगा। साॅफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क में बीआइटी सिंदरी के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप का भी अवसर मिलेगा। इससे शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच की खाई कम होगी।

आइटी विद्यार्थियों को होगा लाभ 
बीआइटी सिंदरी के कंप्यूटर साइंस और आइटी के एचओडी डाॅ एचसी दत्ता ने बताया कि आइटी और कंप्यूटर साइंस के इंटर्नशिप से जुड़ने वाले विद्यार्थियों को आइटी कंपनियां जाॅब भी प्रोवाइड करेंगी। सिंदरी के साॅफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क में आइआइटी (आइएसएम) धनबाद के विद्यार्थियों को भी जुड़ने का अवसर मिलेगा। डिप्लोमा और आइटीआइ से जुड़े विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा। कंप्यूटर स्किल शिक्षित नौजवानों को नौकरी भी उपलब्ध होगी।