द फ़ॉलोअप टीम, दिल्ली:
आपके मोबाइल में बहुत सारे ऐप्स रहते होंगे। यक़ीनन हर ऐप का आपने एक खास काम के लिए रखा होगा। अगर आपके सब ऐप का काम एक ही ऐप करने लगे,तो कैसा हो। कंज्यूमर की इसी इच्छा को पूरा करने के लिए दुनिया के कई देशों में सुपर ऐप्स लॉन्च हुए हैं या हो रहे हैं। भारत में भी सुपर ऐप पर काम चल रहा है। दो महीने पहले खबरें आई थीं कि नमक से लेकर सॉफ्टवेयर बनाने वाला टाटा ग्रुप एक ऑल-इन-वन सुपर ऐप बना रहा है। ITC ( India Tobacco Company) ने पिछले हफ्ते एनुअल जनरल मीटिंग में किसानों के लिए एक ऐसा ही सुपर ऐप बनाने की घोषणा की है। आइए जानते हैं क्या है ये ऐप, कैसे काम करेगा और यह मौजूदा ऐप्स से कैसे अलग होगा।

ब्लैकबेरी के फाउंडर माइक लैजारिडिस ने सबसे पहले 2010 में इस ऐप शब्द का प्रयोग किया था। इसके बाद भी जो सुपर ऐप सामने आए उनमे कोई भी अमेरिका, यूरोप और UK से नहीं है. सुपर ऐप मतलब एक ऐसा ऐप जो उपभोग्ता की जरूरत की सारी सेवाएं और वस्तु एक जगह पर मिलें।

चीन में ही एक ऐसा ऐप है वीचैट (WECHAT). शुरुआत तो इस ऐप की मैसेज ऐप कि तरह हुई थी। इसके बाद इस पर पेमेंट्स, शॉपिंग, फूड ऑर्डरिंग, कैब सर्विसेस भी मिलने लगी और इस तरह यह एक सुपर ऐप बन गया। आप सुपर ऐप की कल्पना एक मॉल के तौर पर भी कर सकते हैं, जहां रिटेल स्पेस में आपको सभी ब्रांड्स और बिजनेस व वर्टिकल्स की दुकानें मिल जाएंगी।

कौन बनता है सुपर ऐप्स
आम तौर पर ऐसी कंपनियां सुपर ऐप बनाती हैं, जो कई तरह की सर्विसेस और प्रोडक्ट्स ऑफर करती हैं। वे सुपर ऐप के जरिए इन ऑफरिंग्स को एक प्लेटफॉर्म पर लाने की कोशिश करती हैं।
हालांकि, पश्चिम एशिया क्षेत्र में एक अलग ही अप्रोच सामने आई। माजिद अल फुत्ताइम ग्रुप, एमार, चलहूब ग्रुप जैसे पारंपरिक बिजनेस ग्रुप्स के शॉपिंग मॉल्स, ग्रॉसरी और एंटरटेनमेंट बिजनेस थे। उन्होंने डिजिटल असेट्स बनाए और उन्हें सुपर ऐप्स में बदल दिया। एक से अधिक प्रोडक्ट्स अब इस पर उपलब्ध हैं।

इंटरनेट कंसल्टेंसी फर्म रेडसीयर के मुताबिक इन बिजनेस ग्रुप्स के डिजिटल असेट्स पर कस्टमर फुटफॉल बढ़ा और बार-बार खरीदने वाले कस्टमर्स की संख्या भी बढ़ी।
टाटा की अपने कंज्यूमर ऑफरिंग्स को एक प्लेटफॉर्म पर लाने की योजना है।

कौन सी कंपनी बना रही है भारत में ये ऐप
भारत में जियो, पेटीएम, फोनपे जैसे कई ऐप्स सुपर ऐप्स बन चुके हैं। यह एक से अधिक सुविधाएं और प्रोडक्ट्स दे रहे हैं। जियो का प्लान तो अपने प्लेटफॉर्म पर 100 से अधिक प्रोडक्ट्स और सर्विसेस देने का है। इसके लिए उसने फेसबुक और गूगल से इन्वेस्टमेंट भी हासिल किया है। भारत में टाटा ग्रुप और ITC सुपर ऐप इकोसिस्टम में शामिल होने वाली नई कंपनियां हैं।
ITC: देश की सबसे बड़ी FMCG कंपनियों में से एक ITC के अनुसार वो अपना सुपर ऐप ITC MAARS लॉन्च करने वाली है। MAARS यानी मेटा मार्केट फॉर एडवांस्ड एग्रीकल्चर एंड रूरल सर्विसेस। यह किसानों को रेवेन्यू बढ़ाने के साथ-साथ ITC के वर्ल्ड क्लास ब्रांड्स को ड्राइव करेगी।

क्यों बनाना चाहती हैं सुपर ऐप भारतीय कंपनी
स्थानीय जरूरतों को पूरा करने के लिए ऐप्स का इकोसिस्टम न होना भी इसकी एक बड़ी वजह है। भारत एक ऐसा मार्केट बनता जा रहा है, जहां बड़ी आबादी इंटरनेट का इस्तेमाल कर रही है। आज 90% सब्सक्राइबर मोबाइल के जरिए इंटरनेट सर्फिंग कर रहे हैं।एक देश या क्षेत्र को तब सुपर ऐप के लिए तैयार माना जाता है, जब वहां की बड़ी आबादी डेस्कटॉप के बजाय स्मार्टफोन से ज्यादा से ज्यादा सेवाएं और सुविधाएं चाहती है। इसके अलावा सुपर ऐप्स रेवेन्यू बढ़ाने के साथ ही कंज्यूमर डेटा से यूजर बिहेवियर के बारे में ज्यादा जानकारी जुटाने में कामयाब होता है।
