logo

पश्चिमी अफ्रीकी देश बुरकिना फासो में भीषण गोलीबारी, 100 लोगों की दर्दनाक मौत

पश्चिमी अफ्रीकी देश बुरकिना फासो में भीषण गोलीबारी, 100 लोगों की दर्दनाक मौत
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

पश्चिमी अफ्रीकी देश बुरकिना फासो में बड़ा उग्रवादी हमला हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक यहां हथियारबंद हमलावरों ने एक गांव में हमला किया। हमले में तकरीबन 100 लोग मारे गए वहीं कई दर्जन लोग घायल हैं। घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। बुरकिना फासो के राष्ट्रपति रोके काबोरे ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट के जरिए इसकी जानकारी दी। 

घरों और बाजार में उग्रवादियों ने लगाई आग
विदेशी समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सरकारी बयान के हवाले से जानकारी दी है कि हमला शाम को किया गया। हमलावरों ने घरों और बाजारों को जला दिया। भीषण गोलीबारी की जिसमें 100 लोगों की मौत हो गयी है। अभी भी कई दर्जन लोग जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। सरकार के प्रवक्ता औसेनी तंबोरा ने अपने आधिकारिक बयान में इस्लामी जिहादियों पर इस हमले का आरोप लगाया है। बताया है कि साहेल याघा प्रांत को सोलहान शहर में हमला किया गया। 

किसी भी गुट ने नहीं ली है हमले की जिम्मेदारी
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक किसी भी उग्रवादी गुट ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। वैसे पिछले कुछ समय से इस देश और इलाके में इस्लामिक गुटों द्वारा हमले की बात सामान्य होती जा रही है। रिपोर्ट्स बताती हैं कि नाइजर और माली से लगे सीमावर्ती इलाकों में बीते कुछ समय से लगातार हिंसक हमला किया गया है। इस बीच बुरकिना फासो के राष्ट्रपति काबोरे ने देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की और राष्ट्रीय एकजुटता की बात कही है। 

बुरकिना फासो में तीन दिन का राष्ट्रीय शोक
बुरकिना फासो के राष्ट्रपति काबोरे ने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से कहा कि हमें बुरी ताकतों के खिलाफ एकजुट होना होगा। राष्ट्रपति काबोरे ने कहा कि सुरक्षाबल हमलावरों की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते कुछ समय से लगातार उग्रवादियों द्वारा उकसावे वाली कार्रवाई की जा रही है लेकिन हम चुप बैठने वाले नहीं हैं। 

पिछले महीने भी बुरकिना फासो में हमला हुआ था
गौरतलब है कि अभी बीते शुक्रवार को ही बुरकिना फासो के सोलहान शहर से 150 किमी दूर स्थित तदरयात गांव में उग्रवादियों ने हमला किया और 14 लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी। बुरकिना फासो के पूर्वी इलाके में भी पिछले महीने एक हमला किया गया था। उस हमले में 30 लोगों की मौत हो गई थी। ये हमला नाइजर की सीमा के पास कोमांदजारी प्रांत के कोडयेल गांव में हुआ था।