logo

कोरोना की तीसरी लहर के बीच निपाह वायरस का खतरा! केरल में 1 बच्चे की मौत, 11 लोग संक्रमित

कोरोना की तीसरी लहर के बीच निपाह वायरस का खतरा! केरल में 1 बच्चे की मौत, 11 लोग संक्रमित

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच भारत में निपाह वायरस का खतरा मंडराने लगा है। दक्षिण बारत के कुछ राज्यों में निपाह वायरस से संक्रमण के कुछ मामले सामने आए हैं। इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस खबर में जानेंगे कि निपाह वायरस क्या है। किन माध्यमों से फैलता है और इसका बचाव क्या है। 

साल 1998 में सामने आया था निपाह वायरस
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि निपाह वायरस साल 1998 में पहली बार मलेशिया में सामने आया था। तब सूअर औऱ किसानों के बीच निपाह वायरस संक्रमण का मामला देखा गया। कहा जाता है कि निपाह वायरस ना केवल इंसानों और जानवरों में तेजी से फैलता है बल्कि इसमें मृत्यु दर भी कोरोना वायरस के मुकाबले ज्यादा है। इसलिए ये ज्यादा खतरनाक है। 

सूअरों के जरिए इंसानों में फैला निपाह वायरस
मिली जानकारी के मुताबिक इस वायरस ने सबसे पहले सूअरों को प्रभावित किया था। साल 2004 में बांग्लादेश में खजूर का सेवन करने से सूअरों में निपाह वायरस का संक्रमण फैला। कहा जाता है कि चमगादड़ों ने खजूर को दूषित कर दिया था। चिंता की बात ये है कि निपाह वायरस के लिए अभी ना तो कोई वैक्सीन ईजाद की गई है और ना ही कोई थेरेपी। कुल मिलाकर यहां प्रिकॉशन इज बेटर देन क्योर ही बचाव का एकमात्र तरीका है। खबर में बचाव का तरीका भी जानेंगे। 

चमगादड़ों के जरिए फैला था निपाह वायरस
निपाह वायरस मूलत चमगादड़ों के जरिए फैलता है। चमगादड़ों के जूठे फल खाने से निपाह वायरस फैलता है। जो लोग सूअर का कच्चा मांस खाते हैं या सूअर के मांस से जुड़ा कारोबार करते हैं उनमें भी निपाह वायरस फैलने का खतरा रहता है। यदि कोई व्यक्ति इस वायरस से संक्रमित है औऱ कोई अन्य व्यक्ति उसके संपर्क में आता है तो भी ये वायरस फैलता है। आरटी-पीसीआर जांच के जरिए वायरस की पहचान की जा सकती है। गले,नाक, मूत्र और रक्त की जांच के जरिए संक्रमण का पता लगाया जा सकता है। वायरस से संक्रमित होने पर 2 सप्ताह में एंटीबॉडी का भी पता चलता है। 

निपाह वायरस संक्रमण का लक्षण समझिए
निपाह वायरस से संक्रमित होने के लक्षण भी कोरोना जैसे ही हैं। बुखार, मांश-पेशियों में दर्द, पेट दर्द, जी मिचलाना, उल्टी आना या रेसपिरेटरी सिस्टम में समस्या हो तो ये वायरस से संक्रित होने का लक्षण हो सकता है। यदि कोई इस वायरस से संक्रमित होता है तो 24 से 48 घंटे के भीतर कोमा में जा सकता है। इसमें व्यक्तित्व परिवर्तन जैसा दूरगामी परिवर्तन भी देखा जा सकता है। 

केरल में निपाह की चपेट में आकर बच्चे की मौत
केरल के कोझिकोड जिले में निपाह वायरस से संक्रमित 11 मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि कुल 8 हाई रिस्क संक्रमितों को पुमे की लैब में सैंपल के लिए भेजा गया है। एक 12 साल के बच्चे की निपाह वायरस की चपेट में आकर मौत हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक 48 हाई रिस्क कॉन्टेक्ट्स को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है जिसमें 31 कोझिकोड से हैं। वायनाड, मल्लपुरम और पल्लकड़ से भी कुछ मामले सामने आए हैं। कर्नाटक को भी अलर्ट जारी किया गया है।