logo

बारिश से बेहाल मुंबई! चेंबूर और विकरोली में मकान ढहने से अब तक 15 की मौत, 12 लोग अब भी लापता

10917news.jpg
द फॉलोअप टीम, मुंबई: 


रविवार की सुबह मुंबई के लिए मनहूस खबर लेकर आई। लगातार हो रही बारिश की वजह से मुंबई में लैंडस्लाइड की दो अलग-अलग घटना हुई। इन हादसे में अब तक 15 लोगों के मारे जाने की सूचना है। मिली जानकारी के मुताबिक मुंबई के चेंबूर इलाके में 12 और विकरोली में 3 लोगों की मौत हो गई। चेंबूर में 16 लोगों को रेस्क्यू भी किया गया है। यहां पांच मकान ढह गए। नेशनल डिजास्टर रिस्पॉंस फोर्स मलबा हटाने में जुटी है। 



चेंबूर और विकरोली में मलबे में दबे हैं लोग
नेशनल डिजास्टर रिस्पॉंस टीम (NDRF) के इंस्पेक्टर राहुल रघुवंश ने बताया कि चेंबूर में उनकी टीम ने मलबे से 2 शव निकाला। एनडीआरएफ के जवानों के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग 10 लोगों का शव निकाल चुके थे। कहा जा रहा है कि मलबे में अभी भी कम से कम सात लोग फंसे हो सकते हैं। एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट आशीष कुमार ने बताया कि विकरोली में भी मलबे में पांच से छह लोगों के दबे होने की आशंका है। संकरी गलियों की वजह से राहत और बचाव कार्य में मुश्किलेंआ रही हैं।

   

तंग गलियों की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन मुश्किल
चेंबूर में जिस जगह भूस्खलन की घटना हुई वहां काफी तंग गलियां हैं। यहां मकान कुछ ऊंचाई पर भी बने हैं। एनडीआरएफ की टीम को राहत औऱ बचाव कार्य में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। एंबुलेंस को भी बस्ती के कुछ बाहर ही खड़ा किया गया है। स्थानीय लोगों की मदद राहत और बचाव कार्य में ली जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि भूस्खलन की घटना शनिवार रात तकरीबन साढ़े 12 बजे हुई। मलबे में बच्चे भी दब गए थे। स्थानीय लोगों ने मलबे से लोगों को निकाला। घायलों को रिक्शे के जरिए अस्पताल पहुंचाया। 



मुंबई में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात
इस बीच बता दें कि मुंबई में गुरुवार रात से रूक-रूककर बारिश हो रही है। चेंबूर, कांदिवली और बोरिवली पूर्व में बाढ़ जैसे हालात हैं। मौसम विभाग ने मुंबई में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार सुबह से ही कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश की वजह से कई स्थानों पर रेल की पटरियों में पानी जमा हो गया है। रेलवे ने बताया कि तकरीबन 17 ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है।